PlayBreaking News

सीहोर : सुंदरवन में रात के अंधेरे में खुदाई पर बवाल, विधायक सुदेश राय ने सीएमओ को दिए काम बंद कराने के निर्देश

सीवन नदी तट स्थित सुंदरवन में रात के समय सीवेज लाइन के लिए हो रही खुदाई पर विधायक सुदेश राय ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी रुकवाई। ठेकेदार पर मनमानी और नगर पालिका के निर्देशों की अनदेखी के आरोप लगाए।
Follow on Google News
रात में सुंदरवन पहुंच विधायक ने रुकवाई जेसीबी, सीवेज ठेकेदार की मनमानी पर फूटा आक्रोश

सीहोर। शहर में अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहे अंडरग्राउंड सीवेज प्रोजेक्ट को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। सोमवार रात सीवन नदी के तट पर स्थित हरे-भरे सुंदरवन क्षेत्र में जेसीबी और पोकलेन मशीनों से गहरी खुदाई किए जाने की सूचना मिलते ही विधायक सुदेश राय मौके पर पहुंच गए। विधायक ने निर्माण कार्य तत्काल बंद कराते हुए ठेकेदार पर नगर पालिका के निर्देशों की अनदेखी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

रात के अंधेरे में चल रही थी खुदाई

जानकारी के अनुसार सीवन नदी किनारे स्थित सुंदरबन क्षेत्र में अंडरग्राउंड सीवेज लाइन बिछाने के लिए सोमवार देर रात जेसीबी और पोकलेन मशीनों से गहरी खुदाई की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने इसे हरियाली और पर्यावरण के लिए खतरा बताते हुए इसकी सूचना विधायक सुदेश राय को दी। सूचना मिलते ही विधायक सीधे मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

विधायक ने मौके पर रुकवाया निर्माण कार्य

निरीक्षण के दौरान विधायक सुदेश राय ने ठेकेदार के कर्मचारियों से स्पष्ट कहा कि नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सुधीर सिंह पहले ही सुंदरवन क्षेत्र में खुदाई नहीं करने के निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखना पूरी तरह अनुचित है। विधायक ने तत्काल जेसीबी और पोकलेन का काम बंद कराया और अधिकारियों से जवाब-तलब किया।

ये भी पढ़ें: सीहोर : तीन दशक बाद जिले के सभी नगर निकायों में एल्डरमैन नियुक्त, सीहोर-आष्टा नगर पालिकाओं में भूमिका रहेगी सीमित, देखें सूची

सीएमओ से फोन पर की बात, सभी कार्य रोकने के निर्देश

मौके से ही विधायक सुदेश राय ने नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह से मोबाइल पर चर्चा की। उन्होंने शहर में अंडरग्राउंड सीवेज निर्माण कर रही कंपनी के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि जब तक गुणवत्ता और नियमों का पालन सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक संबंधित ठेकेदार के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। विधायक ने कहा कि प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

सीवेज परियोजना पर फिर उठे गुणवत्ता के सवाल

विधायक ने आरोप लगाया कि अमृत योजना 2.0 के तहत चल रहे सीवेज प्रोजेक्ट में लगातार लापरवाही और अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं। उनके अनुसार शहर की सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, कई स्थानों पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं और नागरिकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर शहर की हरियाली और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

नागरिकों की शिकायतें बनीं बड़ा मुद्दा

अंडरग्राउंड सीवेज परियोजना शुरू होने के बाद से नागरिक लगातार ठेकेदार पर घटिया निर्माण, पाइप लाइन और टेलीफोन केबल क्षतिग्रस्त करने, सीसी सड़कें तोड़ने, बिजली के खंभों तथा मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगाते रहे हैं। कई वार्डों में निर्माण के बाद भी सड़कें लंबे समय तक बदहाल रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir Landslide: 24 लोगों की मौत, कई लापता; अमरनाथ और माता वैष्णो देवी यात्रा दूसरे दिन भी बंद

सुंदरवन को लेकर बढ़ा राजनीतिक संदेश

सुंदरवन क्षेत्र में हुई कार्रवाई को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधायक सुदेश राय ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्य नियमों के अनुरूप ही होंगे और पर्यावरण तथा नागरिक हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद नगर पालिका और सीवेज निर्माण एजेंसी की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts