
इस्लामाबाद। पश्चिमी अफगानिस्तान के गोर प्रांत में बुधवार को एक अफगान सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। रक्षा मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि एमआई-17 हेलीकॉप्टर तकनीकी समस्या के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गोर की प्रांतीय राजधानी फिरोज कोह शहर के निकट नागरिकों को ले जा रहे एक वाहन के नदी में गिर जाने के बाद हेलीकॉप्टर बचाव अभियान में लगा था।
बयान के अनुसार, दुर्घटना में 12 यात्री घायल हो गए। चालक दल ने आपात स्थिति में उतरने का प्रयास किया लेकिन हेलीकॉप्टर एक दीवार से टकरा गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान नहीं की गई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने लोग सवार थे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए आगे आए और राहत एवं बचाव अभियान में शामिल हुए।
आज की अन्य खबरें…
छत्तीसगढ़ में भालू के हमले में फॉरेस्ट बीट गार्ड की मां की मौत, तेंदुपत्ता तोड़ने जंगल गई थी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भालू के हमले में फॉरेस्ट बीट गार्ड की मां की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले के छाल वन परिक्षेत्र में बुधवार को भालू के हमले में एक फॉरेस्ट बीट गार्ड श्याम अघरिया की मां की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान इंदरमती अघरिया (70) के तौर पर की गई है। धरमजयगढ़ वन मंडल के अधिकारी अभिषेक जोगावत ने बताया कि आज सुबह 10 बजे छाल रेंज के अंतर्गत बोजिया गांव के जंगल में इंदरमती तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी, जब वह जंगल में थी तब एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। जब अन्य ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी। बाद में वन विभाग के दल ने महिला का शव बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वन विभाग द्वारा मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपए की तत्कालिक आर्थिक सहायता राशि दी गई है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।
सचिन तेंदुलकर की सुरक्षा में तैनात CRPF के जवान ने किया सुसाइड, छुट्टी मनाने घर गया था
महाराष्ट्र के जलगांव में पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की सुरक्षा में तैनात CRPF के जवान सुसाइड कर लिया। जवान प्रकाश कापड़े ने अपने ही सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि जवान जामनेर का रहने वाला था और वह छुट्टी मनाने घर आया था। जिस वक्त जवान ने घटना को अंजाम दिया, उस वक्त वह घर पर अकेला था। हालांकि, अभी तक खुदकुशी का कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पूर्वी दिल्ली में कागज के ‘अवैध’ गोदाम में लगी आग, एक व्यक्ति की मौत
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में बुधवार को कागज के एक ‘अवैध’ गोदाम में आग लगने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों (डीएफएस) ने यह जानकारी दी। डीएफएस के अधिकारियों के मुताबिक, आग शकरपुर इलाके में दो मंजिला इमारत में लगी जहां एक कमरे में जले हुए कार्डबोर्ड के पीछे से सतेंद्र पासवान का शव बरामद किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि फोन कॉल के माध्यम से रात दो बजे घटना की सूचना मिली और छह दमकल वाहनों को तत्काल भेजा गया। आग बुझाने का अभियान सुबह सात बजे तक चला।
पासवान की बहन सारो देवी ने मीडिया को बताया कि उसका भाई गोदाम में काम करता था। मैं अपने भाई को खोजने रात में ही आई थी पर वह मुझे नहीं मिला। आज सुबह भाई का शव बरामद किया गया। देवी ने बताया कि उसका भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गोदाम अवैध रुप से चलाया जा रहा था। स्थानीय निवासी अनिल शर्मा ने कहा- यह गोदाम हमारे आवासीय क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहा था। गोदाम में दूसरी बार आग लगी।
#WATCH | Delhi: Fire breaks out in a warehouse in Shakarpur area
Fire Officer, Darshan Kumar says, "Ground and top floor were under massive fire…We reached the spot and doused the fire…A casualty has been reported…The roof of the building has been damaged…" pic.twitter.com/MFn04Gm1v3
— ANI (@ANI) May 15, 2024
फ्लोरिडा में ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी बस, 8 लोगों की मौत; चालक गिरफ्तार
ओकाला (फ्लोरिडा)। मध्य फ्लोरिडा में मजदूरों को ले जा रही बस ट्रक से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 40 अन्य लोग घायल हो गए। फ्लोरिडा हाईवे गश्ती दल (एफएचपी) ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एफएचपी ने एक बयान में कहा कि ट्रक चालक ब्रयान मैक्लीन होवार्ड पर नशे की हालत में लोगों की जान लेने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बस में 53 मजदूरों को ले जाया जा रहा था तभी मंगलवार को ओर्लाडों के उत्तर में करीब 80 किलोमीटर दूर मेरियन काउंटी में यह हादसा हुआ।
मैक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के कस्बे में गोलीबारी, 11 लोगों की मौत
मेरिडा। मैक्सिको के दक्षिणी राज्य चियापास के एक छोटे से कस्बे में सामूहिक गोलीबारी की घटना में 11 लोगों की मौत हो गई। राज्य अभियोजक कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि चियापास के चिकोमुसेलो कस्बे में गोलीबारी हुई थी। इस क्षेत्र को प्रवासियों और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए जाना जाता है। राज्य अभियोजक के कार्यालय ने बताया कि इस क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों के गिरोहों के बीच विवाद सामने आते रहे हैं और हाल में सोमवार को भी नशीले पदार्थ बेचने वाले समूहों में टकराव हुआ था। उसने बताया कि मंगलावर को हुई गोलीबारी में मारे गए कुछ लोग चिकोमुसेलो के ही निवासी हैं।