फाटक रहित क्रॉसिंग पर मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत

अनूपपुर। पिकअप दुर्गा विसर्जन से डीजे का सामान लेकर लौट रही थी, तभी चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान जा रही खाली मालगाड़ी ने उसे टक्कर मार दी और करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर नाराजगी जताई और मुआवजे व क्रॉसिंग पर गेट लगाने की मांग की।
मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ भीषण हादसा
दुर्गा विसर्जन से डीजे का सामान लेकर लौट रही पिकअप को खाली मालगाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ये भी पढ़ें: पचमढ़ी में 11 साल की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, स्कूल न जाने पर मां ने डांटा था
युवक की मौके पर मौत, छह लोग घायल
हादसे में ग्राम चकैठी निवासी रवि वर्मा (26) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में अर्जुन कोल, विकास सिंह, शिवम बैग, कन्हैया वर्मा, करण कोल और राजेश सिंह शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें चार युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घना जंगल, न फाटक था और न गेटमैन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रॉसिंग के आसपास घना जंगल और झाड़ियां हैं। वहां न तो फाटक था और न ही गेटमैन तैनात था। मालगाड़ी को अचानक सामने देखकर कई युवक जान बचाने के लिए कूद गए, लेकिन रवि की गर्दन वाहन के ढांचे में फंस गई और वह बाहर नहीं निकल सका। रवि अपने परिवार का मुख्य सहारा था और पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
एक साल पहले भी इसी जगह हुआ था हादसा
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल में प्रदर्शन किया और शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक साल पहले भी इसी जगह पर मालगाड़ी ने एक कार को टक्कर मारी थी, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। प्रशासन और पावर प्लांट प्रबंधन के साथ बैठक में रेलवे क्रॉसिंग पर गेट लगाने और मुआवजे का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
एसडीओपी अनूपपुर सुजीत कुमार के अनुसार, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। क्रॉसिंग पर सुरक्षा मानकों और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















