बेटे-बहू पर बुजुर्ग माता-पिता से मारपीट कर घर से निकालने पर , पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती को उनके ही बेटे और बहू द्वारा प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बेटे और बहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अभिभावक एवं वरिष्ठ नागरिक देखभाल एवं कल्याण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Iran America War: बुशहर समेत कई ईरानी शहरों में धमाकों से बढ़ा तनाव, अमेरिका ने नए हमले से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक, स्कीम-78 के ई-सेक्टर निवासी 60 वर्षीय कमलाबाई ने अपने बेटे मुकेश वर्मा (पांडे) और बहू अलका वर्मा (पांडे) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कमलाबाई अपने पति श्रीराम पांडे के साथ रहती थीं। दोनों बुजुर्ग शारीरिक और आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
ये भी पढ़ें: MP High Court: अब पूरी जानकारी के बिना स्वीकार नहीं होगी कोर्ट स्लिप, वकीलों के लिए नई गाइडलाइन जारी करने के निर्देश
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बेटा और बहू लंबे समय से उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। जनवरी माह में दोनों ने बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट कर उन्हें उनके स्वामित्व वाले मकान से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि बहू ने श्रीराम पांडे को छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
ये भी पढ़ें: इटारसी: भाजपा किसान मोर्चा के नगर मंडल अध्यक्ष बने संदीप तिवारी, संगठन ने जताया भरोसा
घटना के बाद से बुजुर्ग दंपती किराये के मकान में रहने को मजबूर हैं। उनके साथ उनकी बीमार बेटी भी रह रही है। मामले की शिकायत मिलने पर लसूड़िया पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसलिंग कराई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं होने पर बुधवार रात मुकेश वर्मा और अलका वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अभिभावक एवं वरिष्ठ नागरिक देखभाल एवं कल्याण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















