ताजा खबरराष्ट्रीय

डीजे पर नहीं बजाया मनपसंद गाना तो फौजी ने कर दी फायरिंग, भाई-बहन समेत तीन लोगों को लगी गोली

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसको सुनने के बाद आप दंग रह जाएंगे। दरअसल, यहां दूल्हा धूमधाम से बारात लेकर अपनी दुल्हनिया को लेने जा रहा था, तभी अचानक बारात में सेना का एक जवान शामिल हुआ। उसने डीजे वाले भैया से अपने पसंद का गाना चलाने के लिए कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिसके बाद जवान को गुस्सा आया और उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बारातियों पर फायरिंग कर दी। जिससे भाई-बहन समेत तीन लोगों को गोली लगने से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने फौजी को गिरफ्तार कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

यह है पूरा मामला

मामला उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां मुरलीपुर गांव में मैनेजर बिंद के घर गाजीपुर से बारात आई थी। जहां डीजे पर मनपसंद गाना चलाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बारात में आए एक फौजी ओमप्रकाश ने अपनी 32 बोर की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद बारातियों में भगदड़ मच गई। जिसमें मुरलीपुर निवासी भाई-बहन रवि (25), पिता राम भोग और रिंकी (30) पिता राम भोग समेत गाजीपुर निवासी अमित कुमार बिंद (32) को गोली लगी। घटना के बाद बारातियों से बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार मिलने के बाद उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

धीना थाना के एडिशनल एसपी विनय कुमार ने बताया कि घटना बुधवार देर रात करीब 10 बजे की है। फायरिंग करने वाले आरोपी फौजी ओमप्रकाश को हिरासत में ले लिया गया है। तीनों घायल पीड़ित अब खतरे से बाहर हैं। फिलहाल, पुलिस द्वारा मामले में हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर हादसा : श्रद्धालुओं से भरी बस बेकाबू होकर पलटी, एक महिला की मौत; 6 यात्री घायल

संबंधित खबरें...

Back to top button