बस में बैठकर सोहागपुर पहुंची 8 साल की बच्ची, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

सोहागपुर। पुलिस की तत्परता से बच्ची को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। पुलिस ने परिजनों को बच्चों का विशेष ध्यान रखने और उन्हें अकेला नहीं छोड़ने की हिदायत दी है।
बस स्टैंड पर अकेली घूम रही थी बच्ची
जानकारी के अनुसार एसडीओपी कार्यालय सोहागपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक नरेंद्र पटेल को सूचना मिली कि एक छोटी बच्ची सोहागपुर बस स्टैंड पर अकेली घूम रही है। उन्होंने तत्काल थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक विवेक को बच्ची को थाने लाने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: सीलिंग की दुकानों पर हाईकोर्ट 15 से पहले सुनाएगा फैसला, 45 मामलों पर फैसला सुरक्षित, 97 याचिकाओं पर सुनवाई कल
पूछताछ में बताया अपना नाम प्रियांशी विश्वकर्मा
थाने में बच्ची से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रियांशी विश्वकर्मा बताया। बातचीत के दौरान बच्ची ने बताया कि उसकी नानी गोपालपुर कलमेश्वरा में रहती हैं। पुलिस ने बच्ची द्वारा बताए गए पते के आधार पर उसकी नानी श्यामा बाई विश्वकर्मा से संपर्क किया।
नानी को थाने बुलाकर बच्ची को सौंपा
सूचना मिलने पर श्यामा बाई थाने पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक समझाइश देते हुए बच्ची को सकुशल उसकी नानी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बच्ची की सुरक्षा को लेकर परिजनों को भी आवश्यक समझाइश दी।
पुलिसकर्मी ने बच्ची को खिलाया खाना
थाने में करीब 30 मिनट तक बच्ची से बातचीत की गई। पुलिसकर्मियों ने उससे उसकी पढ़ाई और अन्य विषयों के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान बच्ची ने भूख लगने की बात कही, जिस पर सहायक उप निरीक्षक गणेश राय ने उसे खाना और लड्डू खिलाया।
ये भी पढ़ें: हरदा में अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, आरोपी चालक फरार
पुलिस ने परिजनों से की बच्चों का ध्यान रखने की अपील
पुलिस ने बच्ची की नानी को हिदायत दी कि बच्ची का विशेष ध्यान रखें और उसके माता-पिता को भी घटना की जानकारी दें। पुलिस ने परिजनों से कहा कि छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें, क्योंकि किसी भी समय घटना या दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अपने छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें, उन्हें अकेला न छोड़ें और उनकी सुरक्षा के प्रति हमेशा सतर्क रहें।




















