सोहागपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जर्जर सड़क बनाने की मांग

सोहागपुर। ज्ञापन में बताया गया है कि सड़क लंबे समय से खराब हालत में है और इसके कारण आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है। मार्ग पर जाम लगने से आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने तीन दिवस के भीतर समस्या का निराकरण नहीं होने पर संबंधित स्थल पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
लंबे समय से जर्जर हालत में है सड़क
ज्ञापन में बताया गया है कि सांदीपनी स्कूल के सामने से गुजरने वाली पिपरिया-नर्मदापुरम रोड लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है, वहीं मार्ग पर जाम लगने से आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग पिपरिया और नर्मदापुरम को जोड़ने वाला प्रमुख मुख्य मार्ग होने के कारण इसकी स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: हरदा: अवैध शराब विक्रेता गिरफ्तार, बाइक से कर रहा था सप्लाई
स्थायी रूप से सड़क दुरुस्त कराने की मांग
भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने एसडीएम से मांग की है कि सड़क की समस्या का जल्द निराकरण करते हुए स्थायी रूप से सड़क को दुरुस्त कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
तीन दिन में निराकरण नहीं तो धरना-प्रदर्शन
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर तीन दिन के भीतर सड़क की समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संबंधित स्थल पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर नर्मदापुरम, पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सोहागपुर, थाना प्रभारी सोहागपुर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद सोहागपुर को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
विभिन्न संगठन पहले भी उठा चुके हैं मुद्दा
उल्लेखनीय है कि उक्त सिलसिले में विभिन्न संगठन और समाजसेवी कार्यकर्ता लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं। आए दिन इस मामले में अखबारों में खबरें भी प्रकाशित होती आ रही हैं, इसके बावजूद सड़क की समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हो सका है। स्थानीय स्तर पर लगातार मांग उठने के बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से लोगों की परेशानी बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 महीने से लापता नाबालिग बरामद; किशोरी आत्महत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
सत्ता के संगठन के ज्ञापन से बढ़ी उम्मीद
अब सत्ता के संगठन द्वारा चेतावनी युक्त अंदाज में ज्ञापन सौंपा गया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अब सड़क का सुधार होने ही वाला है। क्योंकि भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा राजनीतिक अनिवार्यता की औपचारिकता एसडीएम को ज्ञापन देकर पूरी कर ली गई है। ऐसे में अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है कि सड़क की समस्या का स्थायी निराकरण कब तक होता है।




















