सोहागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 महीने से लापता नाबालिग बरामद; किशोरी आत्महत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार

सोहागपुर। थाना सोहागपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई लोगों को बरामद और गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार महीने से लापता नाबालिग बालिका को सीहोर जिले से सकुशल बरामद किया है। मामले में एक 20 वर्षीय युवक को अभिरक्षा में लिया गया है। वहीं किशोरी की आत्महत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा दो लापता युवकों को भी पुलिस ने बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।
चार महीने से लापता नाबालिग सीहोर से बरामद
पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को भटगांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, 1 अप्रैल की रात करीब 9 बजे अज्ञात व्यक्ति उसे अपने साथ ले गया था। मामले में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। लगातार तलाश और पतारसी के बाद 31 अगस्त को पुलिस ने नाबालिग को हिरानी, शाहगंज, जिला सीहोर से बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में हिरानी निवासी कीरत केवट (20) को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरामदगी के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
किशोरी आत्महत्या मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
29 जून 2026 को सेमरीहरचंद चौकी क्षेत्र के गुरमखेड़ी गांव में एक किशोरी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने नीरज अहिरवार (24) के खिलाफ अपराध क्रमांक 491/2026 और धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार, जांच में आरोप सामने आए कि आरोपी ने किशोरी से प्रेम और शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में दूसरी लड़की से सगाई कर ली। मोबाइल पर बातचीत को लेकर किशोरी के साथ मारपीट करने और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की बात भी जांच में सामने आई। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने तलाश के बाद 1 सितंबर 2026 को नीरज अहिरवार को लोहिया वार्ड, स्टेशन रोड पिपरिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दो लापता युवक भी सकुशल मिले
पुलिस ने दो अलग-अलग गुमशुदगी के मामलों में लापता युवकों को भी बरामद कर लिया। बारंगी निवासी मनीष कुशवाहा और डूंडाखापा निवासी दिनेश ठाकुर के बिना बताए चले जाने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। लगातार तलाश के बाद दोनों युवकों को 1 सितंबर को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एसआई दिनेश पाल, एसआई राहुल पटेल, एएसआई हरपाल सिंह चौहान, एएसआई वरुण सिंह राजपूत, एएसआई गणेश राय समेत आरक्षक राममोहन रजक, अंकुश कौरव, संदीप चौधरी, अजय चौधरी और नेहा रघुवंशी की भूमिका रही।




















