
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-II के अंतिम संस्कार की रस्में शुरू हो चुकी हैं। उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए दुनियाभर से 2000 दिग्गज नेता आए हैं। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन वेस्टमिंस्टर ऐबे में मौजूद हैं। महारानी के अंतिम संस्कार का 125 सिनेमाहॉलों में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
125 सिनेमा हॉल में होगा लाइव प्रसारण
लंदन में Queen Elizabeth II को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा ब्रिटेन उमड़ पड़ा है। देशभर के 125 सिनेमा हॉल में सबसे ज्यादा शासन करने वाली महारानी के अंतिम संस्कार का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
गन कैरिज पर ले जाया जाएगा क्वीन का ताबूत
क्वीन के ताबूत को गन कैरिज में वेस्टमिंस्टर ऐबे ले जाया जाएगा। इसे 142 रॉयल नेवी सेलर्स खीचेंगे। शाही परंपराओं के मुताबिक, ब्रिटेन की महारानी का अंतिम संस्कार उनके निधन के 10 दिन बाद किया जा रहा है। बता दें कि, इसी कैरिज का इस्तेमाल एडवर्ड VII, जॉर्ज V, जॉर्ज VI और सर विंस्टन चर्चिल के अंतिम संस्कार के दौरान भी किया गया था।
क्वीन को सेंट जॉर्ज चैपल में दफनाया जाएगा
वेस्टमिंस्टर ऐबे में स्टेट फ्यूनरल के बाद महारानी का ताबूत वेलिंगटन आर्क ले जाया जाएगा। यहीं राजपरिवार के सदस्य और रॉयल फैमिली के करीबी लोग एक प्राइवेट सेरेमनी में शामिल होंगे। यहां से सेंट जॉर्ज मेमोरियल चैपल में प्रिंस फिलिप की कब्र के पास उन्हें दफनाया जाएगा।
महारानी के बाद ये सब बदला जाएगा
- करेंसी नोट और सिक्के
- राष्ट्रगान ‘God Save the Queen’
- पासपोर्ट भी बदलेगा
- मिलिट्री और पुलिस यूनिफॉर्म
- स्टांप से हटाई जाएगी क्वीन की इमेज
70 साल तक किया शासन
क्वीन एलिजाबेथ का 21 अप्रैल 1926 को जन्म हुआ था। उस वक्त ब्रिटेन में किंग जॉर्ज पंचम का राज था। एलिजाबेथ के पिता किंग जॉर्ज छह भी बाद में ब्रिटेन के राजा बने थे। क्वीन एलिजाबेथ का पूरा नाम एलिजाबेथ एलेक्जेंडरा मैरी विंडसर था। वे सबसे लंबे समय तक (70 साल) ब्रिटेन की क्वीन रहीं। उनके शासनकाल में ब्रिटेन को 15 प्रधानमंत्री मिले। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद अब उनके बेटे चार्ल्स (उम्र 73 साल) ब्रिटेन के नए राजा बनाए गए हैं। एलिजाबेथ II सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं बल्कि 14 और देशों की रानी रहीं।
episodic mobility से जूझ रही थीं महारानी
शाही परिवार के मुताबिक, महारानी episodic mobility की दिक्कत से जूझ रही थीं। इसमें उनको खड़े होने और चलने में परेशानी होती थी। महारानी एलिजाबेथ-II को इसी साल फरवरी में कोरोना भी हो गया था। एलिजाबेथ की तबीयत गुरुवार को खराब हो गई थी, इसके बाद से वे डॉक्टरों की देखरेख में थीं।