ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

महाशिवरात्रि पर बड़ा हादसा : इंदौर से छतरपुर जा रही बस निवार घाटी पर पलटी, 4 की मौत; डेढ़ दर्जन ज्यादा यात्री घायल

सागर। महाशिवरात्रि के दिन जिले के छानबीला थाना क्षेत्र के निवार घाटी पर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां शनिवार सुबह इंदौर से छतरपुर जा रही स्लीपर बस पलट गई। हादसे में बस में सवार 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही शाहगढ़ व छानबीला की पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ यात्रियों को गंभीर चोट आने पर उन्हें सागर रेफर कर दिया गया है। सीएम शिवराज ने इस बस हादसे पर दुख जताया है।

यात्रियों में मची चीख-पुकार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गोल्डन ट्रैवल्स की बस (MP16-P1286) इंदौर से छतरपुर जा रही थी। तभी सुबह करीब 6 बजे निवार के घाटी पर मुड़ते समय बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। बस पलटने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई। 108 एम्बुलेंस स्टाफ द्वारा पुलिस के सहयोग से बस में फंसे घायल यात्रियों को निकालने का काम शुरू हुआ।


बस के हिस्सों को काटकर बाहर निकाले यात्री

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अधिकांश घायल यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। जबकि, कुछ यात्री बस में ही फंसे थे, जिन्हे निकालने के लिए बंडा से हाइड्रा और जेसीबी जैसे संसाधन बुलवाए गए। जिनकी मदद से पलटी बस को सीधा करवाया और बस के हिस्सों को काटकर फंसे कुछ यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दलपतपुर से एक, शाहगढ़ से तीन और बंडा से एक एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। यात्रियों का शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के समय स्लीपर बस में करीब 35 यात्री सवार थे।

महिला समेत 4 यात्रियों की मौत

बस हादसे में मरने वालों में एक महिला, दो युवक व एक अधेड़ यात्री शामिल है। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। मृतकों में एक महिला की शिनाख्त राजनगर (छतरपुर) की अनामिका (35) पति अभिषेक सोनी के रूप में हुई है। शेष की पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने हादसे में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सीएम ने जताया दुख

ये भी पढ़ें: महू-नीमच हाईवे पर हादसा : ट्रक और बस की भिड़ंत में 2 लोगों की मौत; 17 घायल

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button