श्रेयस अय्यर बन सकते हैं भारत के नए टी-20 कप्तान!वैभव सूर्यवंशी को भी मिल सकता है मौका

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चयन के दौरान श्रेयस अय्यर को टी-20 टीम का नया कप्तान बनाया जा सकता है। वहीं मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव को नेतृत्व की जिम्मेदारी से हटाया जा सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया जा सकता है।
भारतीय टीम की घोषणा शनिवार को होने की संभावना है। चयन समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं, जिनमें श्रेयस की कप्तानी सबसे बड़ी चर्चा का विषय बनी हुई है।
ढाई साल बाद टी-20 टीम में वापसी करेंगे श्रेयस
श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए अपना आखिरी टी-20 मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद टीम कॉम्बिनेशन और अन्य कारणों से वह टी-20 टीम से बाहर रहे। हालांकि घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने फिर से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। करीब ढाई साल बाद उनकी भारतीय टी-20 टीम में वापसी तय मानी जा रही है और अब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने की भी चर्चा है।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली! हैमस्ट्रिंग चोट बनी वजह, रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी सस्पेंस
IPL में शानदार रहा अय्यर का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 में श्रेयस अय्यर ने पंजाब किंग्स के लिए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए। इससे पहले 2025 सीजन में उन्होंने 604 रन बनाकर पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था।
अय्यर की कप्तानी का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल चैंपियन बनाया था, जबकि 2020 में दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार फाइनल तक पहुंचाया था।
15 साल के वैभव पहली बार उतरेंगे
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पहली बार भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बन सकते हैं। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने आईपीएल 2026 में 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी।
अगर उनका चयन होता है तो वे दशकों बाद भारतीय पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल होंगे। इससे पहले वे श्रीलंका में होने वाली इंडिया-ए की ट्राई सीरीज में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें: सूर्यवंशी इफेक्ट : इंडिया-ए की ट्राई सीरीज होगी LIVE, फाइनल समेत 7 वनडे मुकाबले
सूर्या OUT, खराब प्रदर्शन बनी वजह
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 एशिया कप का खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में भारत ने 52 टी-20 मैच खेले, जिनमें 42 जीत दर्ज की। उनका जीत प्रतिशत 80.76 रहा।
बल्लेबाजी में भी सूर्यकुमार का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 113 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3272 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 25 अर्धशतक शामिल हैं। इसके बावजूद चयनकर्ता भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए टीम नेतृत्व में बदलाव का फैसला कर सकते हैं।
चयन समिति के फैसले पर टिकी नजरें
अब सभी की निगाहें चयन समिति की बैठक पर हैं। यदि रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं तो भारतीय टी-20 टीम को नया कप्तान मिलेगा और साथ ही वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी के रूप में भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा भी मिल सकता है।











