सूर्यवंशी इफेक्ट :इंडिया-ए की ट्राई सीरीज होगी LIVE, फाइनल समेत 7 वनडे मुकाबले

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत-ए, श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच होने वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज को क्रिकेट प्रशंसक लाइव देख सकेंगे। श्रीलंका में आयोजित होने वाली इस सीरीज का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर किया जाएगा। माना जा रहा है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस टूर्नामेंट को बड़े स्तर पर प्रसारित करने का फैसला लिया गया है।
वैभव की लोकप्रियता को भुनाने की तैयारी
पिछले अंडर-19 विश्व कप और आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी देश के सबसे चर्चित युवा क्रिकेटरों में शामिल हो गए हैं। उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ी है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच उन्हें देखने की उत्सुकता भी काफी ज्यादा है। इसी वजह से ट्राई सीरीज को लाइव टेलीकास्ट करने का निर्णय लिया गया है।
यह भी पढ़ें: सूर्या की T-20 कप्तानी से छुट्टी तय... आयरलैंड दौरे पर टीम में जगह भी मुश्किल, जानें क्या है वजह?
IPL 2026 में ऑरेंज कैप सहित 5 अवॉर्ड्स जीते
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 776 रन बनाए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्होंने मॉस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के लगाने का पुरस्कार भी अपने नाम किया। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े उभरते सितारों में शामिल कर दिया है।
तिलक वर्मा संभालेंगे कप्तानी का जिम्मा
भारत-ए टीम की कमान युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है। टूर्नामेंट में कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें फाइनल भी शामिल है। टीम प्रबंधन इस सीरीज को भविष्य के खिलाड़ियों को परखने के बड़े अवसर के रूप में देख रहा है।
यह भी पढ़ें: Norway Chess 2026 : नॉर्वे चेस में प्रज्ञानंद का जलवा, दुनिया के नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को दूसरी बार हराया
9 जून से श्रीलंका के खिलाफ पहला मैच
भारत-ए अपना पहला मैच 9 जून को श्रीलंका-ए के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 11 जून को अफगानिस्तान-ए, 15 जून को फिर श्रीलंका-ए और 17 जून को अफगानिस्तान-ए से मुकाबला होगा। सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे। लीग चरण के बाद शीर्ष दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी।
टेस्ट सीरीज और टी20 मुकाबले भी
वनडे ट्राई सीरीज के बाद भारत-ए टीम 25 जून से श्रीलंका-ए के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलेगी। इसके अलावा दोनों क्रिकेट बोर्डों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज कराने पर भी चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना काफी अधिक है।
इस बीच सोनी नेटवर्क के लिए भी यह सीरीज अहम मानी जा रही है। अगस्त में होने वाली भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय सीरीज के प्रसारण अधिकार भी उसके पास हैं, जबकि लंका प्रीमियर लीग का प्रसारण जियो हॉटस्टार पर होगा।











