भोपालमध्य प्रदेश

MP में कड़ाके की ठंड : कई जिलों में स्कूलों का समय बदला, शिवपुरी में मुरैना छुट्‌टी; अर्द्धवार्षिक परीक्षा का टाइम भी बदला

भोपाल। मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं कोहरे की वजह से आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते भोपाल समेत कई जिलों में स्कूलों टाइमिंग में बदल दी गई। वहीं शिवपुरी और मुरैना में जिलों में कक्षा 8वीं तक की स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। इतना ही नहीं MP बोर्ड की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का टाइम भी बदल दिया गया है।

अभी ऐसा ही रहेगा मौसम

एमपी मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा रहेगा। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर से कुछ दिन पहले ही पश्चिमी विक्षोभ गुजरा है। इससे मैदानी इलाकों में ठंडी और नमी भरी हवाएं चलने से तापमान में तेजी से गिरावट हुई। हवाओं की स्पीड कम रहने के कारण प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा देखा गया। एक-दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने पर तापमान में बढ़ोतरी होगी। फिलहाल तो यही स्थिति बनी रहेगी।

नौगांव-गुना रहा सबसे ठंडा

एमपी मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। दतिया और सागर में कोल्ड डे दर्ज हुआ है। रायसेन, जबलपुर और छतरपुर में हल्के से मध्यम कोहरा रहा। जबकि दमोह, सागर और भोपाल में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। सभी संभागों में न्यूनतम तापमान में बहुत ज्यादा अंतर नहीं आया है। प्रदेश का सबसे कम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस नौगांव और गुना में दर्ज हुआ। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल 7.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। ग्वालियर में 8.2 डिग्री, जबलपुर में 8.4 डिग्री और इंदौर में 9.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सीधी, खंडवा, खरगोन, बैतूल, नर्मदापुरम, रीवा, सतना को छोड़ प्रदेश के बाकी 45 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है।

प्रदेशभर में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान घना और हल्का कोहरा रहने की संभावना जताई है। रीवा, सागर, भोपाल, चंबल और ग्वालियर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी तरह नीमच, मंदसौर और नर्मदापुरम जिलों में मध्यम से घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सागर और छतरपुर जिलों में कोल्ड डे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

परीक्षाओं का समय बदला

MP बोर्ड की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 9वीं से लेकर 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं का टाइम बदल दिया है। पहली शिफ्ट में पहले सुबह 8 बजे से परीक्षा होनी थी, जिसे बढ़ाकर 9 बजे कर दिया गया है। वहीं दूसरी शिफ्ट में सुबह 11.15 बजे होने वाली परीक्षा का समय बढ़ाकर दोपहर 1 बजे कर दिया गया है।

इन जिलों में बदली स्कूल टाइमिंग

भोपाल समेत कई जिलों में स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया गया है। भोपाल के सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूल और आंगनबाड़ी सुबह 9.30 बजे से शुरू होंगे। जबलपुर में भी सभी स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है। उमरिया में भी ठंड को देखते हुए स्कूलों का टाइम 7:00 बजे से बढ़ाकर 9:00 बजे कर दिया गया है। सागर में सुबह 9.30 बजे स्कूल लगेंगे। इसके अलावा रीवा में 5वीं क्लास तक के स्कूल सुबह 10.30 बजे से लगेंगे। बता दें कि भिंड में एक हफ्ते पहले ही स्कूल टाइम सुबह 10.30 बजे किया जा चुका है। सीधी, सतना और विदिशा में भी नर्सरी से 5वीं क्लास तक के स्कूलों का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया है। गुना में 12वीं तक के स्कूलों 9.30 बजे के बाद लगेंगे।

वहीं शिवपुरी और मुरैना में जिलों में कक्षा 8वीं तक की स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। कलेक्टर ने 4 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।

ये भी पढ़ें: MP News : ठंड का असर… भोपाल समेत इन जिलों में स्कूलों के खुलने का समय बदला, अब इतने बजे से शुरू होंगे स्कूल

ये भी पढ़ें: MP Weather Update : मध्य प्रदेश में सर्दी का प्रकोप, कई जिलों में कोहरे की चेतावनी; 5-6 जनवरी को बारिश-ओले के आसार

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button