सिवनी में 1.08 करोड़ की लूट का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

सिवनी। 4 सितंबर को प्रार्थी योगेन्द्र बघेल निवासी लखनवाड़ा, थाना लखनवाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बीते 10 वर्षों से पार्टनरशिप में गांव-देहात के साप्ताहिक हाट बाजारों में सोने-चांदी के जेवरात विक्रय का कार्य करता है। 3 सितंबर को वह बंडोल बाजार से जेवरात लेकर अपने घर लखनवाड़ा वापस जा रहा था, तभी ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने नेशनल हाईवे 44 पर आरोपियों ने बाइक से ओवरटेक कर उसकी मोटरसाइकिल के सामने गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर फेंककर नीचे गिरा दिया और चाकू से डरा-धमकाकर उसके पास रखे करीब 26 किलो चांदी और 320 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी कुल कीमती करीब 1 करोड़ 08 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए।
10 विशेष टीमों का किया गया गठन
रिपोर्ट पर थाना बंडोल में मामला दर्ज किया गया। मामले की खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल 10 विशेष टीमों का गठन कर विभिन्न दिशाओं में रवाना किया गया। टीमों द्वारा नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित 200 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई। 24 घंटे के अंदर ही सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया मशरूका बरामद करने में सफलता मिली।
ये भी पढ़ें: इंदौर मेट्रो अब चलेगी 17 किमी-सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री खट्टर ने हरी झंडी दिखाई, सफर भी किया
1 करोड़ 11 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है। इसमें 320 ग्राम सोना, जिसकी कीमत करीब 48 लाख रुपये और 26 किलो चांदी, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त 2 बाइक, जिनकी कीमत करीब 02 लाख रुपये और 07 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 01 लाख रुपये है, भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस तरह लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की विवेचना जारी है।
सभी 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में जितेन्द्र उर्फ जित्तू पिता माधव बंजारा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बंजारा मोहल्ला, बंडोल, भूपेन्द्र पिता गौतम जंघेला, उम्र 20 वर्ष, निवासी बंधा, थाना बंडोल और योगेश पिता राजकुमार साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 07 समनापुर, थाना लखनवाड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं। जितेन्द्र पर हत्या सहित 03 अपराध, भूपेन्द्र पर 04, योगेश पर 04, राज पर 01, दुर्गेश पर 03, आकाश पर 02 और आदित्य पर 09 अपराध दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: खाना बनाने से मना किया तो पत्नी को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत; पति गिरफ्तार
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक श्री चंचलेश मरकाम, थाना लखनवाड़ा से उप पुलिस अधीक्षक श्री सी.के. सिरामे सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।




















