इंदौर मेट्रो अब चलेगी 17 किमी-सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री खट्टर ने हरी झंडी दिखाई, सफर भी किया

इंदौर। इंदौर में मेट्रो के विस्तारित कॉरिडोर का शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। डॉ. यादव और खट्टर ने बापट चौराहे से गांधीनगर तक इंदौर मेट्रो में यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों से बातचीत की।
2,850 करोड़ की लागत
इससे पहले मप्र मेट्रो रेल कॉपोर्रेशन लिमिटेड द्वारा करीब 2,850 करोड़ रुपए की लागत से सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर तक विकसित किए गए कॉरिडोर का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर में मेट्रो का विस्तार केवल परिवहन सुविधा बढ़ाने की परियोजना नहीं, बल्कि विकास के नए अध्याय की शुरूआत है। मेट्रो के माध्यम से इंदौर को उज्जैन और पीथमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से क्रमश: जोड़ा जाएगा।
ये भी पढ़ें: मेट्रो में सफर, बच्चों से बातचीत... 13 साल बाद SRCC पहुंचे PM मोदी, 100 रुपए का स्मारक सिक्का किया जारी
17 किमी में 16 स्टेशन
अब रविवार से आम नागरिक मालवीय नगर से गांधीनगर चौराहे तक 17 किलोमीटर के मेट्रो कॉरिडोर पर सफर कर सकेंगे। 16 स्टेशनों वाले इस कॉरिडोर के शुरू होने से मेट्रो की पहुंच शहर के बाहरी हिस्से से निकलकर प्रमुख शहरी क्षेत्रों तक हो गई है।




















