खाना बनाने से मना किया तो पत्नी को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत; पति गिरफ्तार

नागपुर। घटना गुरुवार रात जिंगाबाई टाकली इलाके में स्थित घर की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी यामिनी से अपने और बच्चों के लिए खाना बनाने को कहा। यामिनी गणेशोत्सव समारोह से पहले डांस प्रैक्टिस के लिए निकलने की तैयारी कर रही थी, इसलिए उसने खाना बनाने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
पत्नी को बेरहमी से पीटा
बहस के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने यामिनी का गला पकड़ लिया। इसके बाद उसने पत्नी को कई बार मुक्का मारा और बिस्तर पर फेंक दिया। कुछ देर बाद यामिनी ने बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद कृष्णकांत दवाइयां लेने के लिए घर से बाहर चला गया।
ये भी पढ़ें: मेट्रो में सफर, बच्चों से बातचीत... 13 साल बाद SRCC पहुंचे PM मोदी, 100 रुपए का स्मारक सिक्का किया जारी
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
यामिनी की हालत बिगड़ने पर कृष्णकांत उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कृष्णकांत को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों का खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यामिनी की गर्दन की हड्डी में फ्रैक्चर मिला है। इसके अलावा आंतों को गंभीर नुकसान, गला दबाने और पेट में गंभीर चोट के संकेत भी सामने आए हैं। इन चोटों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
एक साल पहले यूपी से आए थे नागपुर
पुलिस के अनुसार, कृष्णकांत और यामिनी करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश से नागपुर आए थे। कृष्णकांत एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करता था, जबकि यामिनी हाउस वाइफ थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं।
ये भी पढ़ें: भोपाल में रविवार को 6 घंटे बिजली कटौती, 35 इलाकों में सप्लाई रहेगी बंद
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और विवाद के दौरान हुई मारपीट की परिस्थितियों की जांच कर रही है।




















