सिवनी में दर्दनाक हादसा:मजदूरों से भरा ओवरलोड वाहन मकान में घुसा, तीन की मौत; 12 घायल

सिवनी। मंडला और डिंडौरी जिले के मजदूर रोजगार की तलाश में केरल जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक 29 लोग सवार थे, जिनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोजगार के लिए जा रहे थे मजदूर
पुलिस के अनुसार मंडला और डिंडौरी जिलों के मजदूर रोजगार की तलाश में केरल जा रहे थे। वाहन में क्षमता से अधिक 29 लोग सवार थे, जिनमें 12 पुरुष, 12 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
ये भी पढ़ें: Micron Technology: AI चिप्स से बढ़ी डिमांड, मार्केट कैप में Meta और Tesla को छोड़ा पीछे
तीन मजदूरों की हुई मौत
हादसे में नरेंद्र पिता जित्तू सोनवाने निवासी ग्राम पदीकोना, थाना घुघरी, जिला मंडला, चालक दशरथ धुर्वे निवासी ग्राम पदीकोना, थाना घुघरी, जिला मंडला और सरजू पिता मोतीलाल बालरे निवासी ग्राम चाबी, थाना घुघरी, जिला मंडला की मौत हो गई। वहीं संजय पिता सुक्कल पुसाम निवासी ग्राम भैंसवाही और धनेश्वरी पति विपिन मरावी निवासी ग्राम अहमदपुर गंभीर रूप से घायल हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
नींद की झपकी से हादसे की आशंका
शुरूआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। अनियंत्रित वाहन दूसरी लेन में पहुंचकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा, जिससे मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घर के भीतर मौजूद लोग सुरक्षित रहे। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस, एफआरवी-06 खवासा और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई भेजा गया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। बरघाट एसडीओपी ललित गढ़े ने बताया कि हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












