सिवनी मालवा में सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सिवनी मालवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मालापाट संकुल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की सहभागिता रही। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण और चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
120 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा
आयोजकों के अनुसार, चित्रकला प्रतियोगिता में करीब 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि 18 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर अपनी बात रखी और चित्रों के माध्यम से विभिन्न संदेश प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. शिवानी अमैया, चरण सिंह नागले और साधना गुर्जर ने किया। मंच संचालन मनोज गौर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मालापाट विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों की भी सहभागिता रही। इस अवसर पर रामविलास साध, छात्रावास प्रभारी मनीषा उइके, मुख्य अतिथि मनीष गौर, नरेश जयसवाल, माखन लौवंशी, कृष्णकांत कुशवाहा, एसएमसी अध्यक्ष सलीम शाह, प्राचार्य डॉ. शिवानी अमैया सहित शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को मिला सम्मान
विद्यालय स्तर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में साहिल चौहान को बेहतर प्रदर्शन के लिए स्कूल की ओर से प्रमाण पत्र और कप देकर सम्मानित किया गया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में सिमरन शाह, रंजना सोलंकी, चौहान मवासे, कृष्णा कलमे, मनीषा कुशवाहा और राकेश कलमे को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में NTPC की ऐश पाइपलाइन फटी, सड़क पर फैली राख
संकुल स्तर पर लगी चित्रकला प्रदर्शनी
कार्यक्रम के अगले चरण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मालापाट संकुल में संकुल स्तर की चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें संकुल क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में बारासेल, पीपलगोटा, इकलानी, खल, खारदा, भमेड़ी, सोताचिखली, नंदरबाड़ा, जाटामऊ और मालापाट के स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला प्रस्तुत की। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, ग्रामीण क्षेत्रों से आए अभिभावकों और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं का तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को देखा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
ये भी पढ़ें: MP हाईकोर्ट की सख्ती, 2 IAS और 1 IPS अधिकारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट के निर्देश
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थी सम्मानित
चित्रकला प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया। शीलावती ने प्रथम, दीपिका काजले ने द्वितीय और अनामिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रदर्शनी में शामिल सभी विद्यार्थियों को संकुल की ओर से सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिवानी अमैया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनकी सहभागिता और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। सहभागिता और सम्मान समारोह के साथ सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का समापन हुआ।






















