PlayBreaking News

10 सेकेंड में 80 लाख के गहने गायब :दुकान बंद कर रहे सराफा व्यापारी को बदमाशों ने बनाया निशाना, जानें पूरा मामला

सिवनी के बरघाट में सराफा व्यापारी की कार से 80 लाख के सोना-चांदी और नकदी से भरे दो बैग 10 सेकेंड में चोरी हो गए। CCTV में फिल्मी अंदाज में चोरी करते आरोपी कैद हुए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
Follow on Google News
दुकान बंद कर रहे सराफा व्यापारी को बदमाशों ने बनाया निशाना, जानें पूरा मामला
कार से बैग उठाते हुए चोर CCTV कैमरे में हुआ कैद।
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक चौंकाने वाली चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय व्यापारियों और पुलिस प्रशासन दोनों को हिला कर रख दिया है। बरघाट नगर में एक सराफा व्यापारी की कार से करीब 80 लाख रुपए कीमत के सोना-चांदी के गहने और नकदी महज 10 सेकेंड में चोरी हो गए।

    यह घटना उस समय हुई जब व्यापारी अपनी दुकान बंद कर रहे थे। बदमाशों ने मौके का फायदा उठाकर कार से दो बैग उठाए और फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोर बेहद फुर्ती से कार का दरवाजा खोलकर बैग लेकर भागते नजर आ रहा है। घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

    बरघाट बस स्टैंड इलाके में हुई वारदात

    जानकारी के मुताबिक यह घटना सिवनी जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बरघाट नगर के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार रात करीब 8:30 बजे हुई। पीड़ित सराफा व्यापारी दिलीप महाजन अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। रोज की तरह उन्होंने दुकान में रखे गहनों और नकदी से भरे दो बैग अपनी कार में रख दिए। इसके बाद वे दुकान का शटर बंद करने लगे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाश ने मौका देखकर कार का दरवाजा खोला और दोनों बैग उठाकर तेजी से निकल गया।

    महज 10 सेकेंड में पूरी वारदात

    पूरी चोरी इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी को इसका पता भी नहीं चल पाया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि एक युवक सामान्य तरीके से कार के पास आता है, दरवाजा खोलता है और बैग उठाकर तेजी से वहां से निकल जाता है। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात करीब 10 सेकेंड के अंदर अंजाम दे दी गई। जब व्यापारी शटर बंद करके वापस कार के पास पहुंचे तो कार का दरवाजा खुला देखकर उनके होश उड़ गए।

    Featured News

    25 किलो चांदी और 30 तोला सोना गायब

    पीड़ित दिलीप महाजन के अनुसार चोरी हुए बैग में बड़ी मात्रा में कीमती सामान था। बैग में शामिल था-

    • करीब 25 किलो चांदी
    • लगभग 30 तोला सोने के आभूषण
    • 2 से 3 लाख रुपए नकद

    प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 लाख रुपए बताई जा रही है।

    CCTV में कैद हुई फिल्मी अंदाज की चोरी

    बस स्टैंड इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक युवक सफेद रंग की शर्ट पहने कार के पास आता है। वह बिना घबराए कार का दरवाजा खोलता है और दोनों बैग उठाकर आराम से वहां से निकल जाता है। कुछ दूरी तक पैदल चलने के बाद वह अपने एक साथी के पास पहुंचता है, जो पहले से बाइक लेकर खड़ा था। इसके बाद दोनों बाइक पर बैठकर बालाघाट की दिशा में फरार हो जाते हैं।

    यह भी पढ़ें: MP Weather Update : प्रदेश में कश्मीर जैसा नजारा! ओलों से ढकी सड़कें, 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; फिर बढ़ेगी गर्मी

    पुलिस को रेकी की आशंका

    पुलिस का मानना है कि यह चोरी अचानक नहीं हुई, बल्कि बदमाशों ने पहले से पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि, आरोपियों को पहले से पता था कि व्यापारी रोज किस समय दुकान बंद करते हैं और गहनों के बैग कार में रखते हैं। बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस के अनुसार चोरों ने कई दिनों तक व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी होगी।

    पुलिस अधिकारियों ने किया मौके का मुआयना

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा देर रात बरघाट पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

    Breaking News

    आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

    पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी का चेहरा फुटेज में दिखाई दे रहा है, जिससे उम्मीद है कि जल्द ही उसकी पहचान कर ली जाएगी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है ताकि बदमाशों के भागने का रूट पता लगाया जा सके।

    व्यापारियों में डर और नाराजगी

    बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी बड़ी चोरी होने से स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि, अगर व्यस्त इलाके में भी इस तरह की वारदात हो सकती है तो बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।

    यह भी पढ़ें: MP के विधायकों के चर्चित विवाद ! MP में विधायकों की सीट कैसे गई और कैसे बची, जानिए 5 बड़े केस

    7-8 महीने पहले ही शुरू की थी ज्वेलरी दुकान

    बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यापारी दिलीप महाजन ने करीब 7-8 महीने पहले ही सराफा दुकान शुरू की थी। इससे पहले वे किसान थे और चाय-नाश्ते की होटल भी चलाते थे। बाद में उन्होंने सराफा व्यापार शुरू किया था। दिलीप महाजन नगर निकाय में पूर्व पार्षद भी रह चुके हैं और इलाके में एक प्रतिष्ठित व्यापारी के रूप में जाने जाते हैं।

    फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बरघाट और अरी थाना पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गया सामान बरामद किया जाएगा।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts