सीहोर में नर्मदा के तेज बहाव में डूबा युवक, नारियल पकड़ने के दौरान हुआ हादसा

सीहोर। बुधनी के वार्ड क्रमांक-10 निवासी अभिषेक पिता नारायण दास मांझी मंगलवार शाम अपने चाचा गौतम मांझी और पंकज मांझी के साथ नाव से नर्मदा नदी में मछली पकड़ने गया था। शाम को मछली पकड़ने के बाद तीनों वापस लौट रहे थे। नाव जैसे ही सिंधी कैंप घाट के नजदीक पहुंची, इसी दौरान नदी में बहकर आ रहे एक नारियल पर अभिषेक की नजर पड़ी।
नारियल पकड़ने की कोशिश में अचानक नदी में गिरा
परिजनों के अनुसार अभिषेक ने बहते हुए नारियल को पकड़ने की कोशिश की। चाचा के मुताबिक नारियल पकड़ते ही अचानक उसके हाथ और गर्दन जकड़ने जैसी स्थिति बनी और वह अपना संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते अभिषेक पानी में गिर गया और तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा 2027 का वर्ल्ड कप खेलेंगे? कल मुंबई में BCCI की रिव्यू मीटिंग में होगा फैसला
बचाने के लिए चाचाओं ने नदी में लगाई छलांग
अभिषेक को पानी में गिरता देख उसके चाचा गौतम मांझी और पंकज मांझी ने तत्काल नदी में छलांग लगा दी। दोनों के कुशल तैराक और गोताखोर होने के कारण उन्होंने अभिषेक को खोजने के लिए नदी में काफी दूर तक तलाश की। काफी प्रयास के बावजूद तेज बहाव के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद आसपास के लोगों ने भी बचाव में मदद की।
अंधेरा होने से रात में रोकना पड़ा था रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। लेकिन शाम ढलने के बाद अंधेरा बढ़ने और नदी के तेज बहाव के कारण रात में सर्च ऑपरेशन को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया। सुरक्षा को देखते हुए रात में अभियान रोकना पड़ा। परिजन पूरी रात अभिषेक के मिलने की उम्मीद में नदी किनारे और आसपास मौजूद रहे।
सुबह NDRF ने फिर शुरू किया सर्च ऑपरेशन
बुधवार सुबह NDRF की टीम ने नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है। बढ़ा हुआ जलस्तर, तेज बहाव और नदी की गहराई अभियान में बड़ी चुनौती बने हुए हैं। टीम सावधानी के साथ अलग-अलग हिस्सों में अभिषेक की तलाश कर रही है। बुधवार शाम तक भी अभिषेक का कोई पता नहीं चल सका था।
नर्मदा के अन्य घाटों पर भी अलर्ट
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम युवक के नर्मदा में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराया था। रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। बुधवार सुबह से NDRF की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी है। सुरक्षा की दृष्टि से आगे आने वाले नर्मदा घाटों पर भी अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें: हरदा में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा, कलेक्टर से शिकायत; बोलीं- बिगड़ रहा गांव का माहौल
नदी किनारे डटे परिजन, हर पल बढ़ रही चिंता
अभिषेक के नदी में लापता होने की खबर के बाद से उसके परिजन और परिचित घाट पर डटे हुए हैं। हर गुजरते घंटे के साथ परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों की नजर लगातार नदी और NDRF की टीम पर टिकी हुई है। परिवार को अब भी उम्मीद है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान अभिषेक का पता चल जाएगा। फिलहाल नदी की तेज धार के बीच NDRF का तलाश अभियान जारी है।




















