
नई दिल्ली। देश की मशहूर साइकिल निर्माता कंपनी एटलस साइकिल्स (Atlas Cycles) के पूर्व अध्यक्ष सलील कपूर ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने दिल्ली के डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम लेन स्थित अपने घर पर खुद को गोली मार ली। सलील कपूर का शव उनके परिवार वालों को दोपहर दो बजे घर के पूजा कक्ष के पास खून से लथपथ हालत में मिला। मौके पर पुलिस और FSL की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
उत्पीड़न का लगाया आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कपूर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी है। घटनास्थल से बरामद एक नोट में एटलस साइकिल्स के पूर्व अध्यक्ष ने कथित तौर पर कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
घटना के बाद कपूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर फिंगरप्रिंट निकालने के लिए मौका स्थल का दौरा किया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलील कपूर पर पहले दर्ज हो चुके हैं मामले
कपूर को 2015 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने 9 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। उन पर धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। सलील कपूर की रिश्तेदार नताशा कपूर ने भी जनवरी 2020 में उसी घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। उनके इस कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका था।