सोहागपुर:अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस, बाघ पखवाड़े में जागरूकता अभियान तेज; 6,887 लोगों तक पहुंचा संरक्षण का संदेश
सोहागपुर। अभियान का उद्देश्य बाघ संरक्षण, प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के प्रति आमजन को जागरूक करना है। विभिन्न गांवों, स्कूलों और पर्यटन स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर हजारों लोगों को वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
ग्रामीणों को सतपुड़ा संवाद के माध्यम से किया जागरूक
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सोहागपुर एसडीओ आशीष खोबरागड़े ने बताया कि 22 जुलाई को ग्राम खापा, दौड़ी, झुनकर और चनागढ़ की इको विकास समितियों में 'सतपुड़ा संवाद' कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में 55 ग्रामीणों को बाघ संरक्षण, जंगलों के महत्व और मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।
भिंड: गोहद में कांग्रेस का प्रदर्शन, पानी की बौछार के बीच पुलिस से हुई झूमाझपटी
पर्यटकों को दिया जिम्मेदार पर्यटन का संदेश
पचमढ़ी के शैलांजली बैरियर पर 110 पर्यटकों को प्लास्टिक मुक्त पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन क्षेत्र के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उत्तरदायी (Responsible) पर्यटन का संदेश भी दिया गया। पर्यटकों से प्राकृतिक धरोहरों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आग्रह भी किया गया।
विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिलाई संरक्षण की शपथ
शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के तहत प्राथमिक शाला डोकरीखेड़ा, शासकीय माध्यमिक शाला रैयतवाड़ी, प्राथमिक शाला झिरिया, पीएम श्री कन्या शाला सोहागपुर और शासकीय कन्या शाला भौरा के कुल 452 विद्यार्थियों को बाघों की पारिस्थितिकी में भूमिका, जैव विविधता संरक्षण और वन्यजीवों के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को 'सतपुड़ा साथी' के रूप में वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई गई और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
6,887 लोगों तक पहुंचा बाघ संरक्षण का संदेश
पिपरिया के दुर्गा मंदिर चौराहे पर स्थापित एलईडी एडवर्टाइजिंग स्क्रीन पर 29 जुलाई तक बाघ संरक्षण संबंधी जागरूकता संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है। यह मार्ग पचमढ़ी आने-जाने वाले पर्यटकों का प्रमुख मार्ग होने के कारण व्यापक जन-जागरूकता का माध्यम बन रहा है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अनुसार 'बाघ पखवाड़ा' अभियान के अंतर्गत अब तक 6,887 लोगों और छात्र-छात्राओं को बाघ संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा चुका है। अभियान 29 जुलाई तक विभिन्न गतिविधियों के साथ जारी रहेगा।
Edited By: Rohit Sharma














