UP News : संभल की शाही जामा मस्जिद के अंदर किए गए एडवोकेट कमीशन सर्वे की रिपोर्ट सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह की कोर्ट में पेश की गई है। इस रिपोर्ट में मस्जिद के अंदर मंदिर के प्रमाण मिलने का दावा किया गया है। रिपोर्ट में कई तस्वीरें, वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्यों का उल्लेख है।
मंदिर के प्रमाण मिलने का दावा
एडवोकेट कमीशन रमेश राघव द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मस्जिद के अंदर हिंदू मंदिर के कई प्रमाण मिले हैं। मस्जिद के अंदर दो वट वृक्ष पाए गए हैं। एक कुंआ मिला है, जो आधा अंदर और आधा बाहर है। बाहर वाले हिस्से को ढक दिया गया है। मस्जिद के अंदर 50 से अधिक फूलों की निशानियां और कलाकृतियां पाई गई हैं।
मंदिर के अवशेषों को ढकने की कोशिश
रिपोर्ट में कहा गया है कि मस्जिद के गुम्बद और अन्य संरचनाओं पर प्लास्टर और पेंट करके पुराने मंदिर के अवशेषों को ढकने की कोशिश की गई है। गुम्बद पर झूमर को चेन से लटकाया गया है, जिसे मंदिरों में घंटों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। दीवारों, दरवाजों और झरोखों पर प्लास्टर लगाकर उन्हें आधुनिक रूप दिया गया है। नए निर्माण के प्रमाण भी मिले हैं, जो पुराने ढांचे को बदलने की ओर इशारा करते हैं।
क्या थी सर्वेक्षण की प्रक्रिया
19 और 24 नवंबर 2024 को किए गए सर्वेक्षण के दौरान, पहले दिन डेढ़ घंटे की वीडियोग्राफी की गई। दूसरे दिन तीन घंटे तक वीडियोग्राफी और 1200 से अधिक तस्वीरें ली गईं।
याचिका में दावा किया गया है कि मस्जिद जिस स्थान पर बनी है, वह पहले हरिहर नाथ मंदिर था। इस दावे के बाद कोर्ट ने सर्वेक्षण का आदेश दिया था।
संभल में हुई थी हिंसा
सर्वेक्षण के बाद से संभल में तनाव जारी है। 24 नवंबर को सर्वे के दौरान हिंसा भड़की, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पुलिस द्वारा इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अदालत की आगामी सुनवाई महत्वपूर्ण होगी।
One Comment