सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सदर इलाके में शनिवार को रंगपंचमी की देर रात को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद धार्मिक गाने बजाने को लेकर हुआ। यहां धार्मिक गाने को लेकर विशेष वर्ग के लोगों ने आपत्ति जताई और उसके बाद मामला बिगड़ गया। धार्मिक गाना बजाने पर ई-रिक्शा चालक और उसके साथी पर एक समुदाय की भीड़ ने हमला बोल दिया। वहीं, एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ और वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। मामला इतना बिगड़ गया कि पुलिस ने इलाके में धारा 144 लगा दी है।
पत्थर फेंके गए, तलवार लहराई गई
घटना रात 10.15 बजे सतना के सदर के 12 मुहाल की है। इस मामले को लेकर नरयावली से भाजपा विधायक प्रदीप लारिया और हिंदू संगठन के नेता कपिल स्वामी का आरोप है कि घरों से पत्थर फेंके गए। इसी के साथ तलवार भी लहराई गईं।
पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
मामले की जानकारी मिलते ही शहर के चारों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए 10 से 12 राउंड आंसू गैस के गोले दागे और लाठियां भांजी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में 15 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कैंट थाने के सामने प्रदर्शन
पुलिस बल तैनात होने के बाद शहर के भाजपा, कांग्रेस नेता और हिंदू संगठन से जुड़े लोग कैंट थाने पहुंचे। ई-रिक्शा चालक और युवक पर चाकू से हमला और पथराव करने वाले आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। इसी के साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हैं। जिसको पूरा करने के लिए उन्होंने थाने के सामने मेन रोड पर बैठकर प्रदर्शन किया। घायलों ने हमला करने वालों में इजाद, गुड्डू, नानू, अब्बू अन्य के नाम पुलिस को बताए गए हैं।
ई-रिक्शा चालकने बताई आपबीती
घायल 27 वर्षीय ई-रिक्शा चालक राहुल राठौर ने बताया, ‘मैं और मेरा साथी सौरभ कपालिया सदर के 12 मुहाल से राम जी का गाना बजाते हुए जा रहे थे। वहां मौजूद लोगों ने हमें रोका तो हम लोगों ने गाना बंद कर दिया। इसके बाद इन्हीं में से कुछ लोग मुझे पकड़कर ले गए। जिसके बाद हम पर 100 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। मैं वहां से भागा। उन्होंने सौरभ को भी पीटा। पत्थर फेंक कर मेरा रिक्शा भी चौपट कर दिया।