11 मौतों के बाद सरकार सख्त, 3 आबकारी अधिकारी निलंबित; एक अफसर ग्वालियर अटैच

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में नकली शराब पीने से 11 लोगों की मौत के मामले में आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा उपायुक्त और संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।
तीन आबकारी अधिकारी निलंबित
सरकार ने मामले में सागर जिले में पदस्थ तीन आबकारी अधिकारियों पर कार्रवाई की है। इनमें- सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते, बंडा सर्किल की आबकारी उप निरीक्षक राशनी उरेती शामिल हैं। वहीं, उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।
सागर शराब कांड में बड़ा खुलासा, यूपी से आती थी नकली ब्रांड वाली जहरीली शराब, 12 पर FIR दर्ज
30 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी
जानकारी के मुताबिक, बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत खराब हुई। हालत बिगड़ने पर कई लोगों को बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। नकली शराब के सेवन के बाद 30 से ज्यादा लोगों के बीमार होने की जानकारी सामने आई है।
अवैध शराब के नेटवर्क की जांच
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अब अवैध और नकली शराब के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। सरकारी कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांवों तक नकली शराब कैसे पहुंची।




















