मध्य प्रदेशराष्ट्रीय

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति घोषित: नरोत्तम मिश्रा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक और नरेंद्र सिंह तोमर को मिली जगह

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को राष्ट्रीय कार्यसमिति, राष्ट्रीय कार्यसमिति के लिए आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित (पदेन) सदस्यों की नियुक्त की है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य हैं। इनमें पीएम मोदी, लाल कृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल आदि शामिल हैं। हालांकि, मेनका गांधी और वरुण गांधी को नई कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया है।

राष्ट्रीय कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) होंगे, जिसमें सीएम, उप-मुख्यमंत्री, विभिन्न विधानसभा एवं विधान परिषद में विधायक दल के नेता, पूर्व उप- मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश/सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और संगठक शामिल हैं।

नरोत्तम मिश्रा को कार्यसमिति में स्थान

मध्य प्रदेश के गृह, जेल, विधि विधायी,एवं संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा  को बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में स्थान मिला है। मिश्रा के अलावा मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र खटीक को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। पूर्व सांसद ओम प्रकाश धुर्वे को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। मंदसौर के सांसद सुधीर गुप्ता राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष होंगे। विशेष आमंत्रित सदस्यों में फग्गन सिंह कुलस्ते, संध्या राय मध्यप्रदेश का चेहरा होंगे। राकेश सिंह को संसद में मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि मुरलीधर राव मध्य प्रदेश के प्रभारी और पंकजा मुंडे सह प्रभारी होगी।

संबंधित खबरें...

Back to top button