30 हजार फीट की ऊंचाई पर टूटी विमान की खिड़की:यात्री का सिर बाहर निकला, ग्रीस से जर्मनी जा रही थी फ्लाइट

ग्रीस के आकाश में उड़ रहे एक यात्री विमान में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब उड़ान के दौरान खिड़की टूट गई। इससे विमान के केबिन का दबाव अचानक कम हो गया और खिड़की के पास बैठे एक यात्री का सिर और कंधे बाहर निकल गए। समय रहते पत्नी और अन्य यात्रियों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।
यात्री का सिर बाहर निकला, ग्रीस से जर्मनी जा रही थी फ्लाइट
30 हजार फीट की ऊंचाई पर टूटी विमान की खिड़की

यह घटना ग्रीस से जर्मनी जा रही रायनएयर की फ्लाइट में हुई। विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी तेज धमाके के साथ खिड़की टूट गई और ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए। घायल यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच जारी है।

उड़ान के दौरान टूटी प्लेन की खिड़की

यह घटना मैसिडोनिया के ऊपर उस समय हुई, जब रायनएयर की फ्लाइट ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही थी। उड़ान के दौरान अचानक विमान की एक खिड़की टूट गई, जिससे केबिन का दबाव तेजी से कम हो गया। उस समय विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। अचानक हुई इस घटना से विमान में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: उज्बेकिस्तान मे भारतीय छात्रा की मौत : परिवार ने लगाया धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना का आरोप, केरल में मर्डर केस दर्ज 

पत्नी और यात्रियों ने बचाई बुजुर्ग की जान

टूटी हुई खिड़की के पास 61 वर्षीय एक यात्री बैठा था। दबाव कम होने के कारण उसका सिर और कंधे खिड़की से बाहर निकल गए। पास बैठी उसकी पत्नी ने तुरंत उसके दोनों पैर पकड़ लिए और उसे बाहर जाने से रोके रखा। इसके बाद आसपास बैठे अन्य यात्रियों ने भी मदद की और मिलकर उसे सुरक्षित अंदर खींच लिया। राहत की बात यह रही कि यात्री ने सीट बेल्ट बांध रखी थी, जिससे वह पूरी तरह बाहर नहीं जा सका।

Breaking News

तेज धमाके के बाद नीचे आए ऑक्सीजन मास्क

विमान में मौजूद एक महिला यात्री ने बताया कि घटना के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद यात्रियों की चीखें गूंजने लगीं। कुछ ही सेकंड में ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए और केबिन में तेज गंध फैल गई। शुरुआत में कई लोगों को लगा कि शायद इमरजेंसी दरवाजा खुल गया है, लेकिन बाद में पता चला कि खिड़की टूटने से दबाव कम हुआ है।

ये भी पढ़ें: 13 साल का इंतजार खत्म : 18 जुलाई से नए हाईटेक भवन में शिफ्ट होगा जिला अस्पताल

घायल यात्री अस्पताल में भर्ती, जांच जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घायल यात्री सर्बिया का पर्यटक है और उसे जलने जैसी चोटें आई हैं। विमान को एहतियातन वापस थेसालोनिकी एयरपोर्ट लाया गया, जहां उसने सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल पहुंचाया गया और बाकी यात्रियों को मेमिंगेन भेजने के लिए दूसरा विमान उपलब्ध कराया गया। 

घटना की जांच जारी 

एयरलाइन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों का पता लगाने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल विमान को जांच के लिए रोक दिया गया है और संबंधित एजेंसियां सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं। समय रहते चालक दल और यात्रियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts