क्रिकेटखेल

रुतुराज गायकवाड़ ने एक ओवर में 7 छक्के जड़कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

अहमदाबाद। महाराष्ट्र के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी वनडे क्रिकेट मैच के दौरान एक ओवर में 7 छक्के मारकर लिस्ट ए में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस ओवर में कुल 43 रन बने। नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) के बी ग्राउंड पर खेले हुए इस मैच में बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह की ओवर की पांचवी गेंद नोबॉल थी और उस पर भी गायकवाड़ ने छक्का लगाया। गायकवाड़ पारी का आगाज करते हुए आखिर तक क्रीज पर टिके रहे।

यूपी टीम के खिलाफ कारनामा

रुतुराज ने विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 49वें ओवर में यह कारनामा किया। शिवा सिंह के ओवर में एक नोबॉल भी गई। इस वजह से यह ओवर 7 गेंद का हो गया। गायकवाड़ ने 159 गेंदों पर नाबाद 220 रन बनाए। इसमें 10 चौके और 16 छक्के शामिल हैं। इनकी मदद से महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 330 रन बनाए। गायकवाड़ के अलावा बाकी टीम ने महज 96 रन बनाए।

न्यूजीलैंड के जर्मोन के नाम रिकॉर्ड

अब तक एक ओवर में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के ली जर्मोन के नाम पर था। उन्होंने वेलिंगटन में शेल ट्रॉफी के एक मैच में 8 छक्के लगाए थे।

फुलटॉस से फ्रीहिट तक का फायदा उठाया

शिवा सिंह की पहली गेंद नीचे रहते हुए फुलटॉस थी। उस पर गायकवाड़ ने मिडविकेट पर छक्का मारा। दूसरी गेंद पर उन्होंने सीधा छक्का मारा, जबकि तीसरी बॉल को डीप स्क्वायर लेग पर छह रन के लिए भेजा। चौथी गेंद में लांग ऑफ पर छक्का मारा। पांचवी बॉल नो बॉल गई। इसमें भी गायकवाड़ ने छक्का मारा। गायकवाड ने इसके बाद फ्रीहिट का पूरा फायदा उठा कर छठी गेंद पर लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाया। सातवीं और आखिरी गेंद पर उन्होंने डीप मिडविकेट पर छक्का जमाया।

इन्होंने भी एक ओवर में लगाए छह छक्के

गायकवाड़ अब उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में एक ओवर में कम से कम लगातार 6 छक्के जड़े हैं। उनसे पहले सर गारफील्ड सोबर्स, रवि शास्त्री, हर्शल गिब्स, युवराज सिंह, रॉस व्हाइटली, हज़रतउल्ला ज़ज़ई, लियो कार्टर, कीरोन पोलार्ड और तिसारा परेरा यह कारनामा कर चुके हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button