अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

रूसी मीडिया का दावा- यूक्रेन छोड़कर पोलैंड पहुंचे जेलेंस्की; विदेश मंत्रालय ने कहा- बिना युद्ध विराम के छात्रों को निकालना मुश्किल

यूक्रेन और रूस की जंग लगातार नौवें दिन भी जारी है। इस बीच रूसी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन छोड़ दिया है और पोलैंड पहुंच गए हैं। इधर, भारत विदेश मंत्रालय ने कहा कि सीजफायर के बिना सभी छात्रों को निकालना मुश्किल है, चाहे लोकल सीजफायर हो। हम नहीं चाहते कि खतरे वाली जगह से किसी छात्र को बॉर्डर पार करने को कहें।

ये भी पढ़ें: बिहार के भागलपुर में बम ब्लास्ट, 7 लोगों की मौत; 4 घर जमींदोज


रूसी मीडिया ने दावा, जेलेंस्की ने छोड़ा देश

दरअसल, शुक्रवार को रूसी मीडिया ने दावा किया यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने देश छोड़ दिया है और पोलैंड में शरण ले ली है। हालांकि रूसी दावे पर अभी यूक्रेन की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी रूसी मीडिया ने दावा किया था जेलेंस्की ने यूक्रेन छोड़ दिया है। तब जेलेंस्की ने इन दावों को खारिज करके एक वीडियो जारी किया था और कहा कि वे आखिर तक देश नहीं छोड़ेंगे।


भारत सरकार उठाएगी हरजोत सिंह के इलाज का खर्च

वहीं, कीव में गोलियों का शिकार होकर घायल हुए भारतीय नागरिक हरजोत सिंह को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत सरकार कीव में हरजोत सिंह के चिकित्सा खर्च का वहन करेगी। हम उनकी चिकिस्तकीय स्थिति के बारे में जानकारी पाने की कोशिश कर रहे हैं। हम उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन विवाद के क्षेत्र में होने के चलते इस काम में दिक्कत हो रही है।

भारत ने रूस-यूक्रेन से युद्ध विराम की अपील

यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की निकासी को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा है बिना युद्ध विराम के यह कठिन प्रतीत होता है। हम रूस और यूक्रेन से अनुरोध करते हैं कि कम से कम स्थानीय युद्ध विराम करें, ताकि हम अपने लोगों को वहां से निकाल सकें।

ये भी पढ़ें: पेशावर में नमाज के दौरान ब्लास्ट, 30 लोगों की मौत; पूरे इलाके को सील किया

24 घंटों के लिए 16 उड़ानें निर्धारित की गईं

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए अगले 24 घंटों के लिए 16 उड़ानें निर्धारित की गई हैं। इनमें भारतीय वायु सेना का सी-17 विमान भी शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि जब से हमने एडवायजरी जारी की हैं तब से 20 हजार से अधिक भारतीय यूक्रेन छोड़ चुके हैं। अभी और भी लोग हैं लेकिन यह राहत की बात है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग यूक्रेन से बाहर आ चुके हैं।

12 लाख लोगों ने छोड़ा यूक्रेन

यूक्रेन और रूसी सैनिकों के बीच चल रही जंग के बीच संयुक्त राष्ट्र ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए हैं। बीते एक सप्ताह में यूक्रेन से 12 लाख लोग पलायन कर चुके हैं। ये लोग यूक्रेन छोड़कर पड़ोसी देशों की शरण ले चुके हैं। इन लोगों में 50 हजार युवा हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनियों के देश छोड़ने का सिलसिला अभी भी जारी है।

ये भी पढ़ें: Russia-Ukraine War 9th Day : रूस का जपोरिजिया पावर प्लांट पर कब्जा, रेडिएशन का खतरा बढ़ा

यूएनएससी की आपात बैठक रात 10 बजे

रूस-यूक्रेन संकट को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की न्यूयॉर्क में सुबह 11.30 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10 बजे) आपातकालीन बैठक होगी। संयुक्त राष्ट्र के एक राजनयिक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक जपोरिजिया पर रूस के हमले के मद्देनजर बुलाई गई है। इसमें संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा (आईएईए) के अधिकारी भी संबोधित करेंगे।

संबंधित खबरें...

Back to top button