
भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज भोपाल में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदर्शन किया। वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अधीर रंजन चौधरी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश कभी माफ नहीं करेगा।
#भोपाल : #कांग्रेस नेता #अधीर_रंजन_चौधरी द्वारा राष्ट्रपति #द्रौपदी_मुर्मू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में #भाजपा ने गांधी प्रतिमा के सामने मिंटो हॉल में प्रदर्शन किया। इसके बाद पैदल मार्च निकालकर प्रदेश अध्यक्ष #वीडी_शर्मा के नेतृत्व में #राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। pic.twitter.com/ekRtEfElo6
— Peoples Samachar (@psamachar1) July 28, 2022
भोपाल में निकाला पैदल मार्च
भोपाल में भाजपा की प्रदेश इकाई ने कुशाभाई ठाकरे सभागार परिसर में स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दिया और अधीर रंजन की टिप्प्णी पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग की। इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी समेत प्रदेश के भाजपा पदाधिकारियों ने राजभवन तक पैदल मार्च निकाला। साथ ही राज्यपाल मंगू भाई पटेल को ज्ञापन सौंपा।

राष्ट्रपति किसी दल के नहीं होते : सीएम
मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को एक बयान जारी किया है। जिसमें कहा कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च पद है। राष्ट्रपति किसी दल के नहीं होते, राष्ट्रपति पूरे देश के होते हैं। लेकिन कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने जिस निकृष्ट मानसिकता व घटियापन का परिचय दिया है वह अक्षम्य है। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति का अपमान किया है।
जनजातीय बहनों का अपमान है : सीएम
एक महिला जो जनजाति समाज से आती है वह देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पद पर बैठी हुई हैं। यह सर्वोच्च पद पर बैठी हुई एक बहन का अपमान है, यह नारी शक्ति का अपमान है, और यह हमारे जनजातीय बहनों का अपमान है। देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा। कांग्रेस की मानसिकता ही जनजाति विरोधी, महिला विरोधी और घटिया है। मैं श्रीमती सोनिया गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या वह अधीर रंजन चौधरी के बयान से वह सहमत हैं?
सीएम ने कहा, सोनिया गांधी जवाब दें कि क्या राष्ट्रपति के पद पर बैठी हुई एक ऐसी हस्ती जिनका सारा देश सम्मान करता है उनको ऐसे शब्दों से संबोधित किया जाना चाहिए ? देश इस कृत्य के लिए अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा।
देश भर में मचा बवाल
पश्चिम बंगाल से कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी के संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर दिए गए ‘राष्ट्रपत्नी’ के बयान को लेकर बवाल मच गया है। भाजपा इस मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ लगातार हमलावर है और अधीर रंजन के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी माफी मांगने की मांग कर रही है।