
श्योपुर जिले में दो तेंदुए के शव मिले। वन विभाग अधिकारियों ने आज इसकी जानकारी दी है। अधिकारियों के अनुसार एक शव रविवार को चंबल नदी में तैरता मिला जबकि दूसरा शव जिले के विजयपुर रेंज में मिला है।
ये भी पढ़ें: मुरैना में कार अनियंत्रित होकर नहर में गिरी, 2 युवकों की मौत
शव पर नहीं है चोट का निशान
वन विभाग के रेंज अधिकारी अजय वाजपेयी ने बताया कि ग्रामीणों ने ऊंचाखेड़ा घाट के पास नदी में तैरते हुए शव के बारे में सूचना दी थी। सूचना पर पशु चिकित्सकों सहित वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। तेंदुए की मौत करीब 5 दिन पहले हुई है। शव पर चोट के कोई निशान नहीं थे और शरीर के सभी अंग बरकरार थे। वाजपेयी ने कहा कि शव परीक्षण के बाद शव का निपटारा कर दिया गया और विसरा को विश्लेषण के लिए फॉरेंसिक भेजा गया है। घटनास्थल से करीब 25 किमी दूर स्थित रणथंभौर राष्ट्रीय उद्यान है।
पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा मौत का कारण
इधर, वन विभाग के अनुमंडल अधिकारी डीएन पांडेय के अनुसार रविवार शाम विजयपुर (पूर्वी) रेंज के बुढेरा बीट में एक तेंदुए का शव मिला है। उन्होंने कहा कि तेंदुए की 2-3 दिन पहले मौत होने की आशंका है। तेंदुए के शरीर में लकड़ी का एक टुकड़ा छेदा हुआ पाया गया, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा।