कोरोना वाइरसराष्ट्रीयस्वास्थ्य

Covid-19 Update : देश में कोरोना के नए मामलों में हुआ इजाफा, 175 नए केस मिले; भारत में XBB.1.5 के 5 मामले

दुनियाभर में एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहे कोरोना का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है। भारत में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 175 मामले दर्ज किए गए। सोमवार को इनकी संख्या 134 थी, यानी 41 मामले ज्यादा आए हैं।

रिकवरी रेट 98.8 प्रतिशत

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब एक्टिव केस की संख्या 2,570 हो गई है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.8% है। बुधवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,79,131) दर्ज की गई है। 4 जनवरी तक संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,30,707 हो गई है।

पॉजिटिविटी रेट 0.09 प्रतिशत

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार डेली पॉजिटिविटी रेट फिलहाल 0.09 प्रतिशत है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.12 प्रतिशत दर्ज की गई है। कुल संक्रमितों की तुलना में सिर्फ 0.01 प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते चौबीस घंटे में 187 लोग ठीक हुए। अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,45,854 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

वैक्सीन के 220 करोड़ डोज लगे

जनवरी 2021 से शुरू हुए वैक्सीनेशन के बाद अब तक देश में वैक्सीन की 220.11 करोड़ डोज (95.13 करोड़ सेकंड डोज और 22.41 करोड़ बूस्टर डोज) दी जा चुकी हैं। बूस्टर डोज का अभियान भी लगातार चल रहा है। भारत में 7 अगस्त 2020 को कोविड-19 के मामलों की संख्या 20 लाख के पार हो गई थी और 16 सितंबर को 50 लाख के पार हो गई थी। कोविड-19 के मामलों की संख्या 25 जनवरी 2022 को चार करोड़ के पार चली गई थी।

भारत में XBB.1.5 के 5 मामले

चीन और ब्रिटेन में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते लोगों को अस्पताल में बेड नहीं मिल रहे हैं। वहीं भारत में ओमिक्रॉन के सब वैरिएंट XBB.1.5 के 5 मामले सामने आए हैं। इनमें 3 गुजरात के हैं, जबकि कर्नाटक और राजस्थान में एक-एक केस मिला है।

कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है XBB.1.5

BA.2.75 और BJ.1 से मिलकर XBB बना है। अब इससे म्यूटेट होकर XBB.1 और XBB.1.5 बने हैं। XBB.1.5 कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है। BQ.1 जितने लोगों को 26 दिन में संक्रमित कर रहा था XBB.1.5 उतने लोगों को 17 दिन के भीतर संक्रमित कर रहा है। इसके चलते लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की दर लगातार बढ़ रही है। एक स्टडी के मुताबिक, यह पहले के तमाम वैरिएंट्स के मुकाबले तेजी से इंसान के इम्यून सिस्टम को चकमा देने माहिर है।

6 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR जरूरी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर लिखा- 1 जनवरी 2023 से चीन, हांगकांग, जापान, साउथ कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए RTPCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। यात्रा से पहले उन्हें अपनी रिपोर्ट एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button