आरजी कर रेप-मर्डर केस में TMC नेता सोमनाथ डे गिरफ्तार, सबूत मिटाने का आरोप; बेंगलुरु में छापेमारी के दौरान पकड़े गए

कोलकाता। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 2024 में महिला डॉक्टर के रेप और हत्या के मामले में पुलिस ने TMC नेता और पानिहाटी नगरपालिका के चेयरमैन सोमनाथ डे को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारियों के मुताबिक सोमनाथ डे पर अपराध के बाद सबूत मिटाने की कोशिश करने का आरोप है।
शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने में मदद का आरोप
जांच अधिकारियों का आरोप है कि वारदात के बाद सोमनाथ डे ने मामले से जुड़े सबूत नष्ट करने की कोशिश की। उन पर आरोप है कि उन्होंने पीड़िता के शव का जल्द अंतिम संस्कार कराने में मदद की थी।
8-9 अगस्त 2024 की रात हुई थी वारदात
आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 8 और 9 अगस्त 2024 की दरमियानी रात ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की वारदात हुई थी। 9 अगस्त की सुबह महिला डॉक्टर का शव अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला था।
ये भी पढ़ें: निशु आजाद के समर्थन में उतरे अभिजीत दीपके, बोले- दो महीने बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे
CCTV से हुई थी संजय रॉय की गिरफ्तारी
पुलिस ने अस्पताल में लगे CCTV फुटेज की जांच के बाद मामले में संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को 10 अगस्त 2024 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोलकाता समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए। पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों के आंदोलन के चलते दो महीने से ज्यादा समय तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
हाईकोर्ट के आदेश पर CBI को सौंपी गई जांच
घटना के बाद आरजी कर अस्पताल के डॉक्टरों और पीड़ित परिवार की ओर से मामले की जांच CBI से कराने की मांग की गई थी। राज्य में इस मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन भी हुए। बाद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद 13 अगस्त 2024 को मामले की जांच CBI को सौंप दी गई। इसके बाद CBI ने केस की नए सिरे से जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: बडगाम में सेना का बड़ा ऑपरेशन, मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर, AK राइफल बरामद
जनवरी 2025 में संजय रॉय को उम्रकैद
मामले में सेशंस कोर्ट ने 20 जनवरी 2025 को आरोपी संजय रॉय को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। अब इस मामले में TMC नेता सोमनाथ डे की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा फिर बढ़ गया है। पुलिस उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और घटना के बाद उनकी कथित भूमिका की जांच कर रही है।




















