
हेमंत नागले, इंदौर। शहर के बाणगंगा इलाके की रहने वाली लेडी डॉन ने अपने ही पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। दरअसल, लेडी डॉन के नाम से पहचाने जाने वाली सपना नामक महिला पर पहले भी कई अपराध दर्ज हैं। कुछ समय पहले उसका प्रेम विवाह इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति से हो गया था, लेकिन शादी के कुछ वर्षों बाद दोनों का विवाद हुआ और दोनों अलग हो गए। कुछ समय पहले ही पति द्वारा सपना के खिलाफ शहर के पास धामनोद में एक प्रकरण दर्ज करवाया गया था, जिसके बाद दोनों में ही विवाद चल रहा था। वहीं देर रात सपना ने अपने पति के खिलाफ बाणगंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें महिला ने कहा कि उसका पति डरा-धमकाकर 70 लाख रुपए मांग रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानें पूरा मामला
डीसीपी जोन-3 धर्मेंद्र भदोरिया ने बताया कि बाणगंगा इलाके में रहने वाली फरियादी सपना का विवाह कुछ समय पहले विनोद साहू नाम के युवक से हुआ था। सपना इलाके में लेडी डॉन के नाम से मशहूर है और विनोद से कुछ वर्षों पहले आर्य समाज में प्रेम संबंध के बाद दोनों ने विवाह कर लिया था, लेकिन विवाह के बाद ही दोनों में लंबे समय तक विवाद चल रहे थे। जहां पर विनोद द्वारा धामनोद में सपना के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया था। पुलिस द्वारा इस मामले में जांच चल रही थी कि इसी बीच कल देर रात सपना ने यह आरोप लगाया कि उसके पति विनोद द्वारा उसे रास्ते में रोका किया और पूरे मामले को खत्म करने के लिए 70 लाख रुपए की डिमांड की गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया
सपना ने यह भी आरोप लगाया था कि विनोद ने देर रात उसे रिवॉल्वर की नोक पर धमकाया और उससे 70 लाख रुपए मांगे थे। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।