रात डेढ़ बजे हुआ हादसा! अचानक बिगड़ा बस का संतुलन, रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बारिश के बीच पलटी यात्रियों से भरी बस

रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे यात्रियों से भरी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले बारिश के बीच बस अचानक पलट गई। वाहन के पलटते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मदद के लिए चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रतलाम और बदनावर से एंबुलेंस बुलाकर घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के मुताबिक किसी यात्री की हालत गंभीर नहीं है, लेकिन कुछ लोगों को फ्रैक्चर समेत अन्य चोटें आई हैं।
बारिश के बीच अचानक पलट गई बस
हादसा उस समय हुआ जब बस रतलाम-इंदौर फोरलेन से गुजर रही थी। सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले सड़क पर कर्व है। इसी हिस्से में बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई। घटना के वक्त बारिश भी हो रही थी, जिससे सड़क पर फिसलन की स्थिति बनी होने की बात सामने आई है।
मोड़ पर हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि बारिश और कर्व टर्न के बीच बस की रफ्तार अधिक होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि पुलिस ने अभी हादसे की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही साफ होगा कि दुर्घटना की मुख्य वजह तेज गति, सड़क की स्थिति या कोई दूसरी तकनीकी परेशानी थी। लोगों के मुताबिक इस हिस्से में पहले भी हादसे हो चुके हैं। ऐसे में सड़क के इस कर्व को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
27 बच्चों की मौत के बाद बालाघाट बंद; सड़कों पर पसरा सन्नाटा, बसों के पहिए थमे
तीन-चार एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे घायल
बस पलटने की जानकारी मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव का काम तुरंत शुरू किया गया। रतलाम और बदनावर से तीन से चार एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों और इलाज की जरूरत वाले यात्रियों को रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पुलिस के अनुसार किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं बताई गई है। हालांकि कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर और दूसरी चोटें लगी हैं।
क्रेन से बस को किया गया सीधा
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने सड़क पर पलटी बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया। रतलाम के पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस बल सुबह करीब 4:30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान यातायात को संभालते हुए सड़क से बस हटाने का काम किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
MP में बारिश का रौद्र रूप! मंदाकिनी-नर्मदा उफान पर, 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
पहले भी हो चुके हैं हादसे
जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां सड़क का कर्व होने के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत रहती है। बारिश के मौसम में फिसलन बढ़ने से खतरा और बढ़ सकता है। इस हादसे के बाद एक बार फिर इस हिस्से की सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।


















