Badshah's Club Seal : चंडीगढ़ में रैपर बादशाह का क्लब 'सागो' सील, नोटिस के जवाब में लापरवाही पर एक्शन

चंडीगढ़ में रैपर और सिंगर बादशाह के क्लब Sago By Badshah  को प्रशासन ने सील कर दिया है। यह एक्शन प्रशासन के नोटिस पर संतोषजनक उत्तर नहीं देने के कारण लिया गया। बादशाह का यह क्लब सेक्टर-26 में है।
चंडीगढ़ में रैपर बादशाह का क्लब 'सागो' सील, नोटिस के जवाब में लापरवाही पर एक्शन

एंटरटेनमेंट डेस्क। मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह के चंडीगढ़ स्थित क्लब पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। सेक्टर-26 में स्थित SAGO By Badshah नामक इस क्लब पर भवन नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे थे। चंडीगढ़ प्रशासन की इंफोर्समेंट विंग ने जांच के बाद यह कदम उठाया। कार्रवाई के बाद शहर के क्लब और डिस्को संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

पहले नोटिस, फिर सीलिंग की कार्रवाई 

जानकारी के अनुसार प्रशासन ने कुछ दिन पहले क्लब प्रबंधन को नोटिस जारी कर विभिन्न अनियमितताओं और नियम उल्लंघनों पर जवाब मांगा था। अधिकारियों का कहना है कि क्लब की ओर से दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद 2 जून को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए क्लब को सील कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की।

ये भी पढ़ें: कौन है मनीष पटेल! ‘रील वाइफ’ अमृता सिंह को मिल रही धमकियां; पूछा- क्या FIR करूं?

सेक्टर-26 में लगातार चल रही कार्रवाई

चंडीगढ़ प्रशासन पिछले कुछ समय से शहर में संचालित क्लबों और डिस्को पर विशेष निगरानी रखे हुए है। हाल ही में सेक्टर-26 के ही दो से तीन अन्य क्लबों को भी भवन निर्माण नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण सील किया गया था। प्रशासन का कहना है कि किसी भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान को नियमों से ऊपर नहीं माना जाएगा और उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

क्लब में मिली कई खामियां 

पुलिस सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान क्लब परिसर में कई तकनीकी और प्रशासनिक खामियां सामने आई थीं। हालांकि अधिकारियों ने सभी कमियों का विस्तृत खुलासा नहीं किया है, लेकिन इन्हीं आधारों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने शहर के दो-तीन अन्य डिस्को और क्लबों को भी नोटिस जारी किए हैं और उनके जवाबों की समीक्षा की जा रही है। आने वाले दिनों में और कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: डमी टेस्ट, कोर्ट फैसला और गवाह पर हमला… क्या अभी भी केस को मोड़ने की कोशिश की जा रही है?

विवादों से भी जुड़ चुका है बादशाह का नाम 

बादशाह भारतीय संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं, लेकिन उनका नाम समय-समय पर विभिन्न विवादों से भी जुड़ता रहा है। वर्ष 2020 में उनके गीतों की डिजिटल व्यूअरशिप को लेकर जांच हुई थी, जिसमें कथित तौर पर फर्जी व्यूज खरीदने के आरोप लगे थे। इसके अलावा कुछ गानों के बोल और प्रस्तुतिकरण को लेकर भी सोशल मीडिया पर विवाद खड़े हुए। हालांकि बादशाह ने कई मामलों में अपनी सफाई दी और अधिकांश विवाद कानूनी कार्रवाई तक नहीं पहुंचे। बावजूद इसके, वह अक्सर अपने संगीत और सार्वजनिक बयानों के कारण चर्चा में बने रहते हैं।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts