राष्ट्रीय

गहलोत कैबिनेट में फेरबदल: 11 कैबिनेट और 4 नए राज्यमंत्री लेंगे शपथ, पायलट खेमे को मिले पांच पद

राजस्थान में गहलोत सरकार के सभी मंत्रियों के इस्तीफे के बाद 11 कैबिनेट और 4 नए राज्यमंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह रविवार शाम चार बजे राजभवन में होगा। इससे पहले गहलोत कैबिनेट के सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए, जिनमें से रघु शर्मा, हरीश चौधरी, गोविंद सिंह डोटासरा के इस्तीफे मंजूर किए गए। जानकारी के मुताबिक 3 राज्यमंत्रियों को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

11 कैबिनेट और चार राज्यमंत्री लेंगे शपथ

सीएमओ द्वारा जारी सूची के मुताबिक कैबिनेट मंत्री के रूप में हेमाराम चौधरी, महेंद्रजीत मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजनलाल जाटव, विश्वेंद्र सिंह, टीकाराम जूली, गोविंद राम मेघवाल व शकुंतला रावत को शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, विधायक बृजेंद्र सिंह ओला, जाहिदा खान, राजेंद्र गुढ़ा व मुरारीलाल मीणा को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी।

ये भी पढ़ें- राजस्थान : गहलोत सरकार ने मंजूर किए 3 मंत्रियों के इस्तीफे, शाम को कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई

सचिन पायलट खेमे से पांच मंत्री

सचिन पायलट खेमे के जिन लोगों को मंत्रालय में शामिल किया गया है, उनमें विश्वेंद्र सिंह, रमेश मीणा और हेमाराम चौधरी कैबिनेट मंत्री हैं, इसके अलावा बृजेंद्र ओला और मुरारी मीणा राज्य मंत्री हैं।
हेमाराम चौधरी, मुरारीलाल मीणा व बृजेंद्र ओला को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का करीबी माना जाता है। इसके अलावा पिछले साल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व के खिलाफ बगावती रुख अपनाए जाने के समय पायलट के साथ पद से हटाए गए विश्वेंद्र सिंह व रमेश मीणा को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से कांग्रेस में आए छह विधायकों में से राजेंद्र गुढ़ा को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।

अधिकतम 30 मंत्रियों का कोटा पूरा

गहलोत मंत्रिमंडल में इन नए मंत्रियों के आने से अधिकतम 30 मंत्रियों का कोटा पूरा हो जाएगा। अशोक गहलोत सरकार में कुल 30 मंत्री होंगे, जिनमें 15 पुराने मंत्री होंगे, जिन्होंने पहले इस्तीफा दे दिया था। किसी भी निर्दलीय विधायक को मंत्री पद नहीं दिया गया है, जबकि उनमें से कुछ को संसदीय सचिव के रूप में शामिल किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से चार सदस्य और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय से तीन सदस्य होंगे। इसके अलावा तीन महिलाएं भी शामिल होंगी। इनमें एक मुस्लिम, एक एससी और एक गुर्जर समुदाय से होंगी।

संबंधित खबरें...

Back to top button