रामायण' ट्रेलर इवेंट में दिखे कई यादगार पल :रणबीर ने लिया आशीर्वाद, बाबा रामदेव ने किया योग

एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्म 'रामायण: प्रथम संकल्प' का ट्रेलर शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। मेकर्स ने बताया कि फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, बाबा रामदेव और कुमार विश्वास भी शामिल हुए।
रणबीर ने छुए सनी देओल और बाबा रामदेव के पैर
इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने मंच पर पहुंचकर सनी देओल और बाबा रामदेव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। रणबीर काला चश्मा पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि उनकी आंखों में संक्रमण है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "काला चश्मा पहनने के लिए माफी चाहता हूं। आंखों में इंफेक्शन है, लेकिन आज मेरे दिल में सिर्फ अफेक्शन है।" रणबीर की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।
यह भी पढ़ें: 'रामायणम्' पर फूटा अन्नू कपूर का गुस्सा? साई पल्लवी की कास्टिंग पर उठाए सवाल, बोले- 'पहले समझिए सीता का महत्व'
यश ने 'अवसर' को अवकाश कहा
रावण का किरदार निभा रहे अभिनेता यश ने मंच पर हिंदी में बोलने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने गलती से 'अवसर' की जगह 'अवकाश' शब्द बोल दिया, जिस पर माहौल हल्का-फुल्का हो गया। वहीं बाबा रामदेव ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब उन्होंने पहली बार फिल्म का 4,000 करोड़ रुपये का बजट सुना, तो उनकी "समाधि लग गई। इस पर कुमार विश्वास ने हंसते हुए जवाब दिया, "स्वामी जी, आपका खुद का पतंजलि साम्राज्य तो 2 लाख करोड़ रुपये का है। इस बातचीत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया।
सनी देओल बोले- हनुमान का किरदार निभाना गर्व की बात
फिल्म में हनुमान की भूमिका निभा रहे सनी देओल ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें यह किरदार निभाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि हनुमान का किरदार निभाना आसान नहीं है, लेकिन वह पूरी ईमानदारी से इसे निभाने की कोशिश करेंगे। सनी ने भरोसा जताया कि यह फिल्म देशभर के दर्शकों को पसंद आएगी।
4000 करोड़ के बजट में बन रही है 'रामायण'
करीब चार मिनट के ट्रेलर में फिल्म के भव्य विजुअल्स, विशाल सेट और प्रमुख किरदारों की पहली झलक दिखाई गई। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। 1987 के चर्चित टीवी धारावाहिक रामायण में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ का रोल करेंगे। करीब 4,000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर ने तैयार किया है। फिल्म IMAX फॉर्मेट में रिलीज होगी।











