
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में वन विभाग की टीम पर हमले की खबर सामने आई है। यहां जिले के फॉरेस्ट रिजर्व हकीम खेड़ी पर शनिवार को अवैध खनन के रास्ते बंद कर रही वन विभाग की टीम पर 30 से 40 लोगों ने हॉकी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में फॉरेस्ट टीम के डिप्टी रेंजर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद कलेक्टर अरविंद दुबे, एसपी और डीएफओ अस्पताल पहुंचे।
अवैध खदानों का रास्ता बंद करने पहुंची थी टीम
डिप्टी रेंजर लाल सिंह पूर्वी, डिप्टी रेंजर मोती सिंह यादव अपने अन्य साथी वनपाल राधा सोलंकी, वन रक्षक रूप सिंह यादव के साथ अवैध खदानों का रास्ता बंद करने निकले थे। तभी गांव के सरपंच पति तौफिक 30-40 लोगों के साथ पहुंचे और स्टाफ को धमकाने लगे, उनके पास डंडे और हॉकी स्टिक भी थी। जिसके बाद सुलेमान खां, हकीम खां समेत अन्य ने हंगामा शुरू कर दिया और टीम पर हमला बोल दिया।
हमला करने वालों में सरपंच भी शामिल
हमले में डिप्टी रेंजर लाल सिंह के हाथ में फ्रैक्चर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हमला करने वालों में सरपंच भी शामिल है।
कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
कलेक्टर अरविंद दुबे ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, गांव के कुछ लोगों ने डिप्टी रेंजर के साथ मारपीट की है, उन्हें गंभीर चोट आई है। पुलिस को सख्त कार्रवाई के लिए कहा गया है। वहीं, एसपी पुलिस फोर्स के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना हो गए हैं।
ये भी पढ़ें- VIDEO : इंदौर में व्यापारी की हार्ट अटैक से मौत, CCTV फुटेज आया सामने