Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायसेन : 'मूंग का पूरा दाम, किसानों को पूरा सम्मान', कांग्रेस की मूंग न्याय ई-टोकन मुक्त यात्रा उदयपुरा पहुंची

कांग्रेस की ई-टोकन मुक्त यात्रा शनिवार को उदयपुरा पहुंची। यहां बस स्टैंड पर वरिष्ठ नेताओं ने किसानों को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर खरीदी सुनिश्चित करे।
Follow on Google News
कांग्रेस की मूंग न्याय ई-टोकन मुक्त यात्रा के उदायपुर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया

रायसेन/उदयपुरा।  कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही 'मूंग न्याय ई-टोकन मुक्त यात्रा' शनिवार को रायसेन जिले के उदयपुरा पहुंची। यात्रा के दौरान आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद, ई-टोकन व्यवस्था, भुगतान में हो रही देरी और किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने सरकार से मांग की कि किसानों की उपज की खरीद समय पर सुनिश्चित की जाए और भुगतान की प्रक्रिया में आ रही देरी को तत्काल दूर किया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

देवेंद्र पटेल बोले- हर किसान को मिले समय पर खरीद और भुगतान 

सभा को संबोधित करते हुए उदयपुरा विधानसभा के पूर्व विधायक एवं रायसेन जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल ने कहा कि किसान अपनी मेहनत की फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ई-टोकन व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से ऐसी व्यवस्था लागू करने की मांग की, जिससे प्रत्येक किसान की उपज समय पर खरीदी जाए और भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लगातार लड़ती रहेगी।

ये भी पढ़ें: सलकनपुर मंदिर के नाम पर फर्जी चंदा वसूली! ट्रस्ट की चेतावनी- जाली रसीद से चंदा लेने वालों से रहें सावधान

पूर्व विधायक संजय शर्मा ने सरकार पर साधा निशाना 

तेंदूखेड़ा के पूर्व विधायक संजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश का किसान पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। ऐसे समय में राहत देने के बजाय उसे जटिल प्रक्रियाओं में उलझाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मूंग की निर्बाध खरीदी सुनिश्चित की जाए और किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर मिले। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी 

सभा में किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत रघुवंशी, महासचिव ठाकुर वीरेंद्र सिंह, अखिलेश राजपूत, सचिव ठाकुर प्रताप सिंह, देवरी ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसान मौजूद रहे। सभा के दौरान सभी ने एक स्वर में "मूंग का पूरा दाम, किसानों को पूरा सम्मान" का नारा लगाया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: इंदौर में डाक सहायक उर्मिला सैनी की हत्या : पति ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उतारा मौत के घाट, जांच में जुटी पुलिस

 

 

Upendra Gautam
By Upendra Gautam

पत्रकार उपेन्द्र गौतम जिला ब्यूरो रायसेन

Latest Posts