
श्रीनगर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) वाद्रा ने यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) संपन्न होने के एक दिन बाद जम्मू कश्मीर के गांदेरबल जिले में मंगलवार को दो प्रमुख तीर्थस्थलों खीर भवानी मंदिर और हजरतबल दरगाह में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया और देश की एकता व समृद्धि की मंगलकामना की। इसके बाद राहुल गांधी श्रीनगर स्थित हजरतबल दरगाह में पहुंचे और देश में अमन और शांति की दुआ की।
राहुल गांधी का दिल्ली में भव्य स्वागत
#दिल्ली : कांग्रेस सांसद #राहुल_गांधी दिल्ली पहुंचे, स्वागत में आवास के बाहर एकत्रित #कांग्रेस समर्थकों से मुलाकात की। @RahulGandhi @INCDelhi @INCIndia #PeoplesUpdate pic.twitter.com/t3kVJ4W4pF
— Peoples Samachar (@psamachar1) January 31, 2023
कुंड के पानी का रंग स्थिति का संकेत देता है
अधिकारियों ने बताया कि राहुल-प्रियंका अपने होटल से पहले मध्य कश्मीर के गांदेरबल जिले में तुल्लामुला इलाका स्थित रागन्या देवी मंदिर के लिए निकले, जो माता खीर भवानी मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कांग्रेस के अन्य नेता भी उनके साथ थे। उन्होंने श्रीनगर से 28 किलोमीटर दूर स्थित मंदिर में दर्शन किए। इस मंदिर की कश्मीर पंडितों में काफी मान्यता है, जिनका मानना है कि मंदिर के नीचे मौजूद कुंड के पानी का रंग घाटी में मौजूदा स्थिति का संकेत देता है। कुंड के पानी के अधिकतर रंग का कोई विशेष महत्व नहीं होता है, लेकिन पानी का रंग काला या गहरा हो जाना कश्मीर के लिए बुरे समय का संकेत माना जाता है।
दरगाह पर हैं पैगंबर मोहम्मद के अवशेष
बाद में राहुल गांधी यहां प्रसिद्ध डल झील के पास स्थित हजरतबल दरगाह पहुंचे। ऐसी मान्यता है यहां पैगंबर मोहम्मद के अवशेष हैं जिसके कारण घाटी के मुस्लिम समुदाय की इससे गहरी आस्था जुड़ी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से इस यात्रा को गोपनीय रखा गया था।
भारी बर्फबारी के बीच खत्म हुई यात्रा
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार यानी 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई। भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। इस 136 दिनों की पदयात्रा में राहुल गांधी ने जनता से सीधे संपर्क किया। उनकी इस यात्रा में नेताओं के साथ-साथ बड़ी हस्तियों ने भी जमकर भाग लिया था। भारी बर्फबारी के बीच श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में औपचारिक तौर पर यात्रा का समापन किया गया।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से शुरू हो गया है। यह अभियान 26 मार्च को खत्म होगा। इसके तहत भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाया जाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, तीन महीने के इस चुनावी अभियान में कांग्रेस 10 लाख मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी और 2.5 लाख ग्राम पंचायतें, 6 लाख गांवों और हर राज्य में जाएगी।