
इथियोपिया के ओरोमिया क्षेत्र में अम्हारा समुदाय पर हुए हमले में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। चश्मदीदों ने ये जानकारी दी है। इस हमले के लिए विद्रोही समूह को जिम्मेदार ठहराया गया है। हालांकि, समूह ने इससे इनकार किया है। बता दें कि अफ्रीका के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले देश इथियोपिया में जातीय तनाव की घटनाएं सामने आ रही हैं।
हमें दोबारा हमले का डर सता रहा है : प्रत्यक्षदर्शी
घटना वाले इलाके से सटे गिमी काउंटी के स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शी अब्दुल सइद ताहिर ने बताया कि मैंने करीब 230 बॉडी को खुद गिना है। मैंने इससे बड़ा हमला अपने जीवन में कभी नहीं देखा। नागरिकों के खिलाफ ये सबसे बड़ी वारदात है। हम शवों को इकट्ठा कर रहे हैं और इन्हें दफना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमें दोबारा हमले का डर सता रहा है।
सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि स्थानीय अम्हारा समुदाय अब सामूहिक हत्याओं से बचने के लिए खुद को कहीं और भेजने की मांग कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि करीब 30 साल पहले पुनर्वास कार्यक्रमों में बसे अम्हारा जाति के लोगों को जानवरों की तरह मारा जा रहा है।
हमले के लिए OLA जिम्मेदार : प्रत्यक्षदर्शी
दोनों प्रत्यक्षदर्शियों ने हमलों के लिए ओरोमो लिबरेशन आर्मी (OLA) को जिम्मेदार ठहराया है। एक बयान में ओरोमिया क्षेत्रीय सरकार ने भी OLA को दोषी ठहराया और कहा कि OLA ने (संघीय) सुरक्षाबलों द्वारा शुरू किए गए अभियानों का विरोध करने में असमर्थ होने के बाद हमला किया है। वहीं, OLA के प्रवक्ता, ओडा तरबी (Odaa Tarbii) ने आरोपों से इनकार किया है।
ये भी पढ़ें- Blast in Kabul : सिलसिलेवार बम धमाकों से दहला काबुल, गुरुद्वारा के पास आतंकी हमला; दो की मौत