राष्ट्रीय

Punjab Election 2022: पंजाब CM चन्नी के ‘यूपी-बिहार के भइया’ वाले बयान पर घमासान, विपक्षी नेताओं ने साधा निशाना

पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार जारी है। इसी बीच सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के एक बयान को लेकर विपक्षी पार्टियां कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर जमकर निशाना साध रही हैं। बता दें कि 15 फरवरी को प्रियंका गांधी पंजाब के रूपनगर में चुनाव प्रचार करने पहुंची थीं। इसी बीच सीएम चन्नी जोश-जोश में उनके सामने पंजाबी और बाहरी को लेकर विवादित बयान दे दिया।

ये भी पढ़ें: Ravidas Jayanti पर दिल्ली के रविदास विश्राम धाम पहुंचे PM मोदी, श्रद्धालुओं संग कीर्तन में बजाया मंजीरा

सीएम चन्नी ने दिया ये विवादित बयान

सीएम चन्नी ने बयान में कहा, ‘एक साथ हो जाओ पंजाबियों। यूपी के, बिहार के, दिल्ली के भइये यहां आकर राज करना चाहते हैं ना, उन्हें फटकने नहीं देना है।’ चन्नी के इस बयान के बाद प्रियंका गांधी हाथ उठाकर ताली बजाने लगती हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिस पर विपक्षी पार्टियों ने जमकर हमला बोला है।

कांग्रेस को सबक सिखाएं: मायावती

सीएम चन्नी के बयान पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर लिखा, पंजाब के कांग्रेसी सीएम ने शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में यूपी व बिहार के लोगों का जिस प्रकार से अपमान किया है वह अति शर्मनाक है। ऐसे में इन दोनों राज्यों के लोग कांग्रेस को पंजाब व यूपी में भी हो रहे विधानसभा आमचुनाव में जरूर सबक सिखाएं। बिहार के लोग भी इसका जरूर उचित संज्ञान लें।

यह बहुत शर्मनाक है: केजरीवाल

इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, यह बहुत शर्मनाक है। किसी भी व्यक्ति या खास समुदाय को निशाना बनाकर की गई टिप्पणियों की हम निंदा करते हैं। प्रियंका गांधी भी यूपी से ताल्लुक रखती हैं तो वह भी ‘भइया’ हुईं।

ये भी पढ़ें: NSA अजीत डोभाल के घर सिक्योरिटी ब्रीच, पकड़े जाने पर शख्स बोला- बॉडी में चिप लगी है, मुझे रिमोट से चलाया जा रहा

मनोज तिवारी ने पूछा- यूपी में प्रियंका दीदी कैसे प्रचार करेंगी ?

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ‘चन्नी जी, आपने ये जो बिहार, यूपी और दिल्ली के लोगों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। मैं इसकी निंदा करता हूं। हर पूर्वांचली पंजाब को प्यार करता है, लेकिन आपकी इस छोटी सोच के बाद ये सवाल उठता है कि उत्तर प्रदेश में आपकी प्रियंका दीदी कैसे प्रचार करेंगी? कैसे यूपी में वोट मांगेंगी? ये कांग्रेस की वही सोच है कि फूट डालो और राज करो।’

ये भारत की अखंडता पर सवाल करते हैं: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर कहा, आख़िर किस मुंह से प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की जनता से आशीर्वाद मांग रही हैं? चन्नी जी यूपी बिहार के लोगों पर अपमानजनक टिप्पणी कर रहे हैं और प्रियंका जी तालियां बजा रही हैं, खुशी मना रही हैं। ठीक से पहचानिए, ये वही लोग हैं जो भारत की अखंडता पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: बिहार: चंपारण में तोड़ी महात्मा गांधी की मूर्ति; बापू ने यही से फूंका था सत्याग्रह आंदोलन का बिगुल

लोग अपनी मेहनत से जगह बनाते हैं: संजय झा

मुख्यमंत्री चन्नी के बयान की बिहार के मंत्री संजय झा ने भी निंदा की। उन्होंने कहा, यह शर्मनाक बयान है। मैं इसकी निंदा करता हूं। जहां भी बिहार और यूपी के लोग जाते हैं, वे वहां अपनी मेहनत से जगह बनाते हैं और उस राज्य के विकास में योगदान देते हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button