
देश को आज अपना 15वां राष्ट्रपति मिल जाएगा। 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए हुए मतदान के बाद आज सुबह 11 बजे संसद भवन में मतगणना शुरू हो जाएगी। NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच कहने को तो सीधा मुकाबला है, लेकिन द्रौपदी मुर्मु की जीत लगभग तय मानी जा रही है। अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी।
12 राज्यों में 100 फीसदी मतदान हुआ
चुनाव आयोग के मुताबिक, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, एमपी, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100 फीसदी वोटिंग हुई। राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग संपन्न होने के बाद राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया था कि संसद भवन में कुल मतदान 99.18% हुआ।
13 सांसद-विधायक नहीं डाल पाए थे वोट
18 जुलाई को हुई वोटिंग में संसद में बने बूथों में 728 वोट डाले गए। इनमें से 719 सांसद थे, जबकि 9 विधायकों को भी संसद भवन में वोटिंग की अनुमति मिली थी। संसद में कुल तय वोटों में से 98.91% वोटिंग हुई।
सांसद: अतुल सिंह (जेल में), संजय धोतरे (ICU में), सनी देओल (ऑपरेशन के लिए विदेश में), गजानन कीर्तिकार, फजलुर रहमान, सादिक मोहम्मद, हेमंत गोडसे, इम्तियाज जलील वोट नहीं डाल पाए।
विधायक: हरियाणा से जेजेपी MLA नैना सिंह चौटाला (विदेश में हैं), राजकुमार राउत (भारतीय ट्राइबल पार्टी, राजस्थान), भंवर लाल शर्मा (कांग्रेस, राजस्थान), सत्येंद्र जैन (AAP, दिल्ली, जेल में बंद), हाजी युनूस (AAP, दिल्ली) वोट नहीं डाल पाए।
द्रौपदी मुर्मू को 27 दलों का था समर्थन
27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों के समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.5 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है। सभी 10 लाख 86 हजार 431 वोट पड़ते हैं तो मुर्मू को 6.67 लाख (61%) से अधिक वोट मिलेंगे। सिन्हा के वोट घटकर 4.19 लाख रह गए। जीत के लिए 5 लाख 40 हजार 065 वोट चाहिए।
द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी
चर्चा है कि मुर्मू के पक्ष में काफी वोट पड़े हैं। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटी जाएंगी। रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू हो गए हैं। इतना ही नहीं जीत के बाद विजय जुलूस भी निकालने की तैयारियां की गई हैं।
अगर द्रौपदी मुर्मू आज जीत जाती हैं तो, वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी।
इस तरह से होगी मतगणना
सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों की गिनती की जाएगी। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से निकाली जाएंगी।
ये भी पढ़ें- Vice President Election : उपराष्ट्रपति पद के लिए 6 अगस्त को होगा चुनाव, उसी दिन जारी होंगे नतीजे
24 जुलाई को खत्म हो रहा राष्ट्रपति कोविंद का कार्यकाल
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है। 21 जुलाई को वोटों की गिनती के बाद देश के नए राष्ट्रपति की घोषणा कर दी जाएगी। नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे। पिछली बार 17 जुलाई 2017 को राष्ट्रपति चुनाव हुए थे।