
राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। यशवंत सिन्हा ने संसद भवन में नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर NCP प्रमुख शरद पवार, राहुल गांधी, अखिलेश यादव जैसे विपक्ष के दिग्गज नेता मौजूद रहे। राष्ट्रपति पद के लिए यशवंत सिन्हा का मुकाबला एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से है।
TRS का भी मिला समर्थन
17 विपक्षी दलों के साथ ही यशवंत सिन्हा को तेलंगाना राष्ट्र समिति के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने भी समर्थन देने की बात कही है सिन्हा की ओर से दावा किया गया है कि उन्हें कुछ और भी दलों का समर्थन मिलेगा।
24 जून को एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने भरा था नामांकन
एनडीए की राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया था। द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे थे। उनके नामांकन में पीएम मोदी प्रस्तावक और राजनाथ सिंह अनुमोदक बने हैं।
एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में जदयू, बीजद के नेता भी शामिल हुए थे। बीजद प्रमुख नवीन पटनायक और आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें- President Election : राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन भरा, PM मोदी बने प्रस्तावक
28 जून से अभियान की शुरुआत
सिन्हा ने बताया कि वो 28 जून से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। उनका अभियान तमिलनाडु के चेन्नई से शुरू होने की संभावना है। वो पहले दक्षिण के राज्यों में समर्थन मांगेंगे, उसके बाद ही उत्तर के राज्यों में जाएंगे।
24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है कार्यकाल
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है। पिछली बार 17 जुलाई 2017 को राष्ट्रपति चुनाव हुए थे। राष्ट्रपति को चुनने के लिए आम लोग वोटिंग नहीं करते। इसके लिए जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि और उच्च सदन के प्रतिनिधि वोट डालते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) के सदस्य वोट डालेंगे। इसके अलावा सभी राज्यों की विधानसभा के सदस्य भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग करते हैं।
कब है राष्ट्रपति चुनाव ?
चुनाव आयोग पहले ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए तारीख का ऐलान कर चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव का मतदान होगा। वहीं, इसके नतीजे 21 जुलाई को सामने आएंगे। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।