
ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यूनाइटेड किंगडम जाएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17-19 सितंबर 2022 को भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए लंदन जाएंगी। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एब्बे में होगा।
दुनियाभर से कई नेता भी शामिल होंगे
राजा-रानियों, राष्ट्राध्यक्षों, सरकार के प्रमुखों सहित करीब दुनियाभर के नेताओं के साथ-साथ विदेशी गणमान्य के ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है। ब्रिटेन में इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
ये भी पढ़ें- ब्रिटेन के शाही परिवार में एक युग का अंत, क्वीन एलिजाबेथ-II के निधन के बाद चार्ल्स बने नए राजा; ऑपरेशन यूनिकॉर्न शुरू
लंदन पहुंचा महारानी पार्थिव शरीर
ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय का पार्थिव शरीर मंगलवार शाम को स्कॉटलैंड से लंदन पहुंचा था। उनके ताबूत को अंतिम रात बकिंघम पैलेस में रखा जाएगा। महारानी के ताबूत को बुधवार से चार दिन के लिए वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा जाएगा और सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कई बार भारत दौरे पर आईं क्वीन एलिजाबेथ
क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय ने तीन बार भारत की यात्रा की है। बता दें कि पहली बार दिल्ली के रामलीला मैदान में 1961 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का भव्य स्वागत किया गया था। यहां उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में बड़ी सभा को संबोधित किया था। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एक परिसर का औपचारिक उद्घाटन भी किया था। वे 1983 और 1997 में भी भारत आई थीं।