15 साल तक जिसे भाई मानकर बांधी राखी; उसी से युवती ने कर ली शादी, पिता ने बेटी का पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार

प्रयागराज। यहां एक शादी के बाद परिवार और बेटी के बीच रिश्ते की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। यमुनानगर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के तेलुआवन गांव की नंदनी पांडेय ने गांव के ही 22 वर्षीय शाश्वत गुप्ता से शादी कर ली। परिवार का कहना है कि शाश्वत लंबे समय से उनके घर आता-जाता था और नंदनी उसे भाई मानती थी। परिवार के मुताबिक नंदनी करीब 15 वर्षों से उसे राखी बांधती आ रही थी।
घर से जाने के बाद सामने आई शादी की बात
परिजनों के मुताबिक, नंदनी और शाश्वत के बीच नजदीकियां बढ़ने की जानकारी परिवार को नहीं थी। दोनों 20 सितंबर को घर से चले गए और बाद में शादी कर ली। शाश्वत एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। उसके पिता छेदीलाल बिजली विभाग में कार्यरत बताए गए हैं। बेटी की शादी की जानकारी मिलने के बाद परिवार में विवाद बढ़ गया। नंदनी के पिता गणेश पांडेय ने बेटी के इस फैसले को स्वीकार नहीं किया।
पिता ने पुतला बनाकर किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार
बेटी से नाराज पिता ने उसका पुतला बनाकर प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। उसकी तस्वीर पर ‘स्वर्गीय’ लिखकर परिवार की ओर से उससे रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया गया। परिवार के अनुसार, 22 सितंबर को नंदनी की पुण्यतिथि के तौर पर रस्म भी पूरी की गई। मां मंशा पांडेय का कहना है कि शाश्वत को परिवार लंबे समय से जानता था और उनकी बेटी उसे भाई मानकर राखी बांधती थी।
युवती बोली-अपनी मर्जी से की शादी
नंदनी ने वीडियो जारी कर कहा कि उसने शाश्वत के साथ अपनी मर्जी से शादी की है। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं और वह फिलहाल अपने पति के साथ रह रही है। उसने लोगों से उन्हें परेशान नहीं करने की अपील की। नंदनी ने परिवार की ओर से किए गए प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार पर भी आपत्ति जताई। उसका कहना है कि परिवार ने 22 अगस्त को ही उसे मृत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया था और उसी दिन उसने भी परिवार से अपना रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया था।
ये भी पढ़ें: संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण की मौत का राज क्या? पोस्टमार्टम और परिवार के आरोपों से बढ़ी उलझन
परिवार पर लगाए मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप
नंदनी ने अपने पिता पर आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। उसने कहा कि लंबे समय से उसकी तबीयत खराब थी, लेकिन परिवार ने उसका समुचित इलाज नहीं कराया। नंदनी के मुताबिक, शादी के बाद पति के परिवार से उसे देखभाल और इलाज की सुविधा मिल रही है और वह उनके साथ खुश है। उसने घर से दो लाख रुपये लेकर जाने के आरोप को भी गलत बताया।
मां ने बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप
दूसरी ओर, नंदनी की मां मंशा पांडेय का आरोप है कि शाश्वत उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने बेटी की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई और कहा कि यह शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। पिता गणेश पांडेय को 21 सितंबर को बेटी की शादी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। फिलहाल मामले में युवती और उसके परिवार की ओर से अलग-अलग दावे और आरोप सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें: Isha Rikhi Eviction: बिग बॉस से निकलते ही इशा रिक्खी ने फैंस से मांगी माफी, शेयर किया इमोशनल नोट




















