अंतर्राष्ट्रीय

Pakistan Road Accident: बलूचिस्तान में भीषण हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी वैन; 22 लोगों की मौत

पाकिस्तान के पर्वतीय बलूचिस्तान में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक पैसेंजर वैन 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वैन सवार 23 में से 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पहाड़ी की चोटी से गिरी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब लगभग 23 लोगों के साथ वैन लोरालाई से झोब के लिए रवाना हुई थी। उसी दौरान किला सैफुल्लाह के पास अख्तरजई की पहाड़ियों पर यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, यहां करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी घुमावदार सड़क है। जहां से ड्राइवर वैन को सही तरीके से नहीं घुमा सका और हादसा हो गया। अख्तरजई एक कबिलाई इलाका है जो झोब में 1,572 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

मृतकों में पांच बच्चे शामिल

हादसे में घायल एक नाबालिग को इलाज के लिए क्वेटा रेफर किया गया है। सभी मृत यात्रियों के शवों को किल्ला सैफुल्ला जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया है। मृतकों में पांच बच्चे, पांच महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Train Derailment in Iran: ईरान में रेल हादसा, पटरी से उतरे पैसेंजर ट्रेन के चार डिब्बे; 10 यात्रियों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने जताया दुख

पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने घटना पर दुख जताया है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी मीडिया सेल ने एक ट्वीट में कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। बिलावल ने अधिकारियों से घायल का समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए इंतजाम करने का भी निर्देश दिया।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button