अंतर्राष्ट्रीय

Earthquake : जापान में जोरदार भूकंप से 4 की मौत, पटरी से उतरी बुलेट ट्रेन…20 लाख घरों में छाया अंधेरा; देखें PHOTOs

जापान में बुधवार रात आए भूकंप ने काफी तबाही मचाई है। भूकंप के चलते 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 126 घायल हो गए। वहीं अब गुरुवार को ईरान में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किये गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6 मापी गई। ईरान में जानमाल के नुकसान की अभी कोई खबर नहीं है।

जापान में आए भूकंप के कारण बुलेट ट्रेन पटरी से उतर गई। (फोटो- एएफपी)

भूकंप से बुलेट ट्रेन पटरी से उतरी

जापान में भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वहां एक बुलेट ट्रेन पटरी से नीचे उतर गई। जापान के मौसम विभाग ने सुनामी की चेतावनी जारी की है। रात 8.06 बजे (जापान में 11.30) आए भूकंप का केंद्र टोक्यो से 297 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बताया गया। जापान के मौसम विभाग के मुताबिक भूकंप का केंद्र समुद्र से 60 किलोमीटर गहराई में था।

भूकंप के बाद कई इलाकों की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं।

20 लाख घरों में छाया अंधेरा

इस बार आया भूकंप सामान्य से कहीं ज्यादा है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.3 मापी गई थी। जापान के मियागी और फुकुशिमा प्रान्त में भूकंप के झटके सबसे ज्यादा महसूस किए गए। दोनों प्रांतों में लोगों से तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है। इसकी वजह से करीब 20 लाख घरों में बिजली गुल हो गई।

भूकंप के बाद ये मॉल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

11 साल पहले आई थी सुनामी

भूकंप के इन झटकों ने जापान के लोगों को 2011 का दौर याद दिला दिया। 11 मार्च साल 2011 का दिन जापान के लिए अभूतपूर्व दुर्घटना वाला दिन रहा था। इस दिन 9 की मात्रा का भूकंप उत्तरपूर्वी जापान के तट पर आया, जिससे निकली सुनामी ने हजारों लोगों की जान ले ली थी।

भूकंप के झटके इतने तेज थे कि शॉपिंग मॉल में सामान खुद ही नीचे गिरने लगा।

आखिर क्यों आते हैं भूकंप?

भूकंप आने के पीछे की वजह पृथ्वी के भीतर मौजूद प्लेटों का आपस में टकराना है। हमारी पृथ्वी के अंदर सात प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती हैं। जब ये आपस में टकराती हैं, तब फॉल्ट लाइन जोन बन जाता है। जिसकी वजह से सतह के कोने मुड़ जाते हैं और वहां दबाव बनने लगता है। ऐसी स्थिति में प्लेट के टूटने के बाद ऊर्जा पैदा होती है, जो बाहर निकलने के लिए रास्ता ढूंढती है। जिसकी वजह से धरती हिलने लगती है।

भूकंप के झटके इतने तेज थे कि घर में रखा सामान खुद ही नीचे गिरने लगा।

कैसे मापते हैं भूकंप की तीव्रता

रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता मापी जाती है। भूकंप को 1 से 9 तक के आधार पर मापा जाता है। भूकंप को इसके केंद्र (एपीसेंटर) से मापा जाता है। भूकंप को लेकर चार अलग-अलग जोन में बांटा गया है। मैक्रो सेस्मिक जोनिंग मैपिंग के अनुसार इसमें जोन-5 से जोन-2 तक शामिल है। जोन 5 को सबसे ज्यादा संवेदनशील माना गया है और इसी तरह जोन दो सबसे कम संवेदनशील माना जाता है।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button