राष्ट्रीय

किसानों की गर्जना रैली आज: दिल्ली के रामलीला मैदान में करेंगे विरोध प्रदर्शन, मांगें पूरी नहीं होने से नाराज है भारतीय किसान संघ

नई दिल्ली। भारतीय किसान संघ (‌BKS) आज राजधानी में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा। अपनी मांगें पूरी नहीं करने के विरोध में वे दिल्ली के रामलीला मैदान में गर्जना रैली करेंगे। आरएसएस से जुड़ा भारतीय किसान संघ लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से नाराज है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट पर है। रैली को ध्यान में रखते हुए एक दिन पहले ही दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी थी।

किसान संगठनों की मांगें

  • सभी कृषि उपज को GST मुक्त किया जाए।
  • पीएम किसान सम्मान निधि के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता को बढ़ाया जाए।
  • किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए की जाए।
  • कार्डधारकों को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) से प्रमाणपत्र की जरूरत के बिना माइक्रो-प्रोसेसिंग फूड यूनिट्स लगाने का लाइसेंस दिया जाए।
  • अनाज में सब्सिडी के अलावा DBT के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जाए।
  • सिंचाई और नदी लिंक प्रोजेक्ट्स के लिए भी मदद दी जाए।
  • BKS जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने की मांग भी कर रहा है।
  • ग्रामीण कृषि बाजार में 22,000 हाट डेवलप करने की मांग।
  • किसान क्रेडिट कार्ड के आधार पर कारोबारी बनने के लिए लाइसेंस मिले।

55 हजार किसान पहुंचेंगे दिल्ली

जानकारी के मुताबिक, किसान गर्जना रैली में 50 से 55 हजार किसान व अन्य लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। किसान करीब 700 से 800 बस व 4000 प्राइवेट वाहनों में आएंगे। ऐसे में रामलीला मैदान व आसपास के इलाकों में सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रैफिक बड़े पैमाने पर प्रभावित हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली वालों को रामलीला मैदान की तरफ आने से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

देशभर से आज रामलीला मैदान में एकत्रित होने वाले किसानों को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट पर है। ऐसे में एक दिन पहले ही दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी थी। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि मिंटो रोड से कमला मार्केट गोलचक्कर, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक तक यातायात प्रतिबंध या रूट डायवर्ट किया जा सकता है। महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, मिंटो रोड, अजमेरी गेट, चमन लाल मार्ग, दिल्ली गेट, जेएलएन मार्ग, पहाड़गंज चौक इन रास्तों पर आने-जाने से बचने की सलाह दी गई है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button